आरोपियों से 63 हजार नकद व 8 बाइक जब्त
USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। जिले के नाल पुलिस थाना क्षेत्र में ‘एरिया डोमिनेशन‘ अभियान के तहत पुलिस ने जुआ और सट्टे के खिलाफ बड़ी और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है। नाल थानाधिकारी विकास बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक फार्म हाउस पर दबिश देकर जुआ खेलते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सटोरियों के कब्जे से दांव पर लगे 63 हजार 260 रुपये की नकदी और मौके से 8 मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने गश्त के दौरान करमीसर-बच्छासर रोड स्थित किशन माली के फार्म हाउस पर अचानक दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां हड़कंप मच गया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर जुआ-सट्टा खेलते हुए 10 लोगों को धर दबोचा। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की नवीन धाराओं के तहत ‘संगठित अपराध’ का प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
पुलिस के हत्थे चढ़े ये आरोपी
इस कार्रवाई में नयाशहर थाना क्षेत्र के जवाहर नगर निवासी योगेश पंवार पुत्र श्यामसुन्दर पंवार (35), मुकेश पुत्र जेठमल (38) तथा शिव कुमार व्यास पुत्र चांदरतन व्यास (40), नत्थूसर बास निवासी सुमित पुत्र शिवशंकर (30), कोटगेट थाना क्षेत्र में चौतीना कुआं निवासी अकिंत तंवर पुत्र सुरेश तंवर (32), गंगाशहर थाना क्षेत्र में बाबा रामदेव मंदिर सुजानदेसर निवासी राहुल पुत्र श्यामलाल (27), गंगा रेजीडेन्सी फ्लैट्स के पास निवासी मनोज कुमार पुत्र नन्दकिशोर (34), नाल थाना क्षेत्र में खेत ढाणी रोही करमीसर निवासी किसन लाल पुत्र चोरुलाल (35), हरीराम जी मन्दिर के पास निवासी मनोज पुत्र श्रवणराम (35) और धोलाघर माताजी मंदिर के पास निवासी रामलाल पुत्र भंवराराम (39) को गिरफ्तार किया गया है।
कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम:
जुआ-सट्टे के खिलाफ इस कार्रवाई को नाल थानाधिकारी विकास बिश्नोई के नेतृत्व में गठित टीम ने अंजाम दिया। इस टीम में एएसआई सुभाषचन्द, विक्रम सिंह, हेड कांस्टेबल हीरा, जगदीश, कांस्टेबल पवन कुमार, श्रवण और जगदीशदान शामिल रहे। मामले में अनुसंधान जारी है।


