बीकानेर, (समाचार सेवा)। अशोक गहलोत के नेतृत्व में चौथी बार भी बनेगी कांग्रेस की सरकार – डॉ. कल्ला, शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने कहा कि राज्य के कार्मिकों व आम लोगों के सहयोग से राज्य में अगले विधानसभा चुनाव में अशोक गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
डॉ. कल्ला मंगलवार को बीकानेर में पवनपुरी स्थित अपने आवास पर आये सैकड़ों शिक्षकों और कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पुरानी पेंशन स्कीम दोबारा शुरू करना राज्य कर्मचारियों के लिए ऐतिहासिक सौगात है। इससे लाखों कार्मिकों का भविष्य सुरक्षित होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सदैव कर्मचारी हितों के प्रति संवेदनशील रही है। पुरानी पेंशन लागू करना जैसी घोषणा भी इसी श्रंखला की एक कड़ी है। उन्होंने कहा कि बजट में सरकार ने प्रत्येक वर्ग का ध्यान रखा है। इसमें जिले को भी अनेक सौगातें मिली हैं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा 1 जनवरी 2004 के बाद नियुक्त राज्य कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने सहित कर्मचारी हितों से जुड़ी अन्य घोषणाएं करने पर राज्यभर में कम्रचारी गहलोत सरकार के मंत्रियों का स्वागत सम्मान कर रहे हैं और सरकार का आभार जता रहे हैं।
कार्यक्रम में किशोर पुरोहित, श्रवण पुरोहित, संजय पुरोहित, रजनीश भारद्वाज, विचित्र नारायण आचार्य, उमाशंकर पुरोहित, महेश सुथार, योगेश व्यास, अशोक श्रीमाली, निर्मल रांकावत, महेंद्र पवार, राधाकृष्ण गहलोत, महेश सुथार, आनंद व्यास, जय शंकर व्यास सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे।