NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। जयपुर में गुरुवार को आयोजित राज्य स्तरीय सहकार एवं रोजगार उत्सव समारोह का सीधा प्रसारण बीकानेर के रवीन्द्र रंगमंच पर किया गया। इस दौरान बीकानेर के 298 नव चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। जयपुर में हुए समारोह केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि रहे। समारोह में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की मौजूदगी रही।
नियुक्ति पत्र पाने के बाद बीकानेर में युवाओं के चेहरे पर चमक देखने को मिली। सभी ने प्रतियोगी परीक्षाओं के पारदर्शी आयोजन के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। अधिशाषी अधिकारी/राजस्व अधिकारी प्रतियोगी परीक्षा में सफल होने वाली प्रगति सोलंकी ने बताया कि यह परीक्षा इसी वर्ष 23 मार्च को हुई और जुलाई के पहले सप्ताह में परिणाम आने के बाद गुरुवार को नियुक्ति पत्र भी मिल गया।
सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग में सूचना सहायक के पद पर चयनित होने वाली योगिता व्यास ने बताया कि सरकारी नौकरी हासिल करना उसका सपना था। इसके लिए उसने अच्छी तैयारी की। प्रतियोगी परीक्षा में सफल होना सपना साकार होने जैसा है। राज्य सरकार की प्रतियोगी परीक्षा के समयबद्ध आयोजन की संकल्पबद्धता के कारण यह संभव हो पाया।
बारह वर्षों तक संविदा नौकरी करने के बाद फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा में सफल होने वाले बलवंत सिंह राजपुरोहित ने मुख्यमंत्री को साधुवाद दिया और कहा कि मुख्यमंत्री की पहल पर आयोजित रोजगार उत्सव उसके जीवन का यादगार क्षण बन गया है। कार्यक्रम का संचालन जिला परिषद के आईईसी कॉर्डिनेटर गोपाल जोशी ने किया।
रवीन्द्र रंगमंच पर हुए कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, कलक्टर नम्रता वृष्णि, शहर डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, एडीएम प्रशासन रामावतार कुमावत, एडीएम सिटी रमेश देव, निगम उपायुक्त यशपाल आहूजा, एसडीएम कुणाल राहड़, रोजगार विभाग के डीडी हरगोबिंद मित्तल, सहकारिता विभाग के एडी राजेश टाक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के डीडी एलडी पंवार आदि मौजूद रहे।


