नया रूट प्रस्तावित, 23 अगस्त तक आमजन दे सकेंगे आपत्तियां व सुझाव
नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। शहर में बढ़ते यातायात दबाव और रानी बाजार क्षेत्र में बार-बार लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने बीकानेर-नोखा-नागौर मार्ग पर संचालित बसों के रूट में बदलाव का प्रस्ताव तैयार किया है। प्रस्ताव के तहत अब इस मार्ग की बसों को रानी बाजार रोड नंबर-5 से होते हुए जैन कॉलेज चौराहा और नोखा रोड की ओर संचालित किया जाएगा।
यातायात शाखा प्रभारी पुलिस निरीक्षक कानाराम ने बताया कि प्रस्तावित व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य रानी बाजार, गोगागेट और गंगाशहर रोड पर यातायात का दबाव कम करना तथा आमजन को अधिक सुगम और सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है। प्रस्ताव के अनुसार बीकानेर से नोखा-नागौर जाने वाली बसों एवं अन्य मध्यम और भारी वाहनों को रानी बाजार ओवरब्रिज से चौपड़ा कटला होते हुए रानी बाजार रोड नंबर-5 और सिनेमेजिक के रास्ते जैन कॉलेज चौराहा पहुंचाकर नोखा रोड की ओर निकाला जाएगा।
रानी बाजार ओवरब्रिज से मिलन स्वीट मोड़
वहीं मध्यम एवं हल्के चार पहिया वाहनों के लिए रानी बाजार ओवरब्रिज से मिलन स्वीट मोड़, अपेक्स हॉस्पिटल, रानी बाजार चौराहा और गोगागेट सर्किल होते हुए गंगाशहर रोड की ओर जाने का प्रस्ताव है।यातायात पुलिस का मानना है कि बीकानेर-नोखा-नागौर मार्ग की बसों को रोड नंबर-5 से संचालित करने पर हॉस्पिटल रोड, रानी बाजार चौराहा और गोगागेट सर्किल पर वाहनों का दबाव कम होगा। इससे रानी बाजार और गोगागेट क्षेत्र में यातायात अधिक सुचारू हो सकेगा तथा वाहन चालकों को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
आपत्तियां और सुझाव
यातायात शाखा ने प्रस्तावित रूट को लेकर आमजन से आपत्तियां और सुझाव भी मांगे हैं। प्रस्ताव पर किसी व्यक्ति को कोई आपत्ति या सुझाव हो तो वह 23 अगस्त 2026 तक यातायात शाखा, बीकानेर में लिखित रूप से प्रस्तुत कर सकता है।


