बीकानेर समाचार रविवार 17 अप्रेल 2022

राजस्थान में भाजपा की सरकार बनाने में महिलाओं की होगी खास भूमिका : अलका

बीकानेर, (समाचारसेवा)। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष अलका मूंदड़ा ने कहा कि राजस्थान के आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य में भाजपा की सरकार बनाने में महिलाओं की खास भूमिका होगी।

अलका मूंदड़ा रविवार को बीकानेर में पत्रकारों से बात कर रही थीं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में राज बदलीने के लिये महिला मोर्चा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अभी से कमर कस ली है।

सभी पदाधिकारी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में भाजपा को मजबूत बनाने के लिए  लग चुके हैं। मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में कांग्रेस के राज में महिलाओं का हर ओर अपमान हो रहा है।

मूंदड़ा ने कहा कि जो सरकार आधी आबादी को सुरक्षित नहीं रख सकती, वह किसी काम की नहीं। आने वाले दिनों में भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश में महिलाओं पर हो रहे आपराधिक घटनाओं के विरोध में राज्य सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन भी करेगी।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में महिला अपराध निरंतर बढ़ रहे हैं। छोटी-छोटी बच्चियां दुष्कर्म का शिकार हो रही हैं। सरकार के मुखिया व आला अधिकारी कुंभकर्ण की नींद में सो रहे हैं।

महिला मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि बढ़ते महिला अपराध को लेकर भाजपा ही नहीं बल्कि हर पार्टी, हर धर्म और समाज की महिला को विरोध करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था लचर हो चुकी है।

मुख्यमंत्री गहलोत सिर्फ और सिर्फ अपनी सरकार बचाने में व्यस्त हैं। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष अलका मूंदड़ा ने रविवार को ही भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और संगठन से जुड़ी महिलाओं के साथ बैठक की।

बैठक में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़, महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित, पूर्व पार्षद डॉ. मीना आसोपा, महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष मधुरिमा सिंह,सरिता नाहटा आदि मौजूद रही।

टीम ऑवर फॉर नेशन की टीम ने श्रमदान से चमन किया उजड़ा पार्क

बीकानेर, (समाचारसेवा)।  टीम ऑवर फॉर नेशन ने पंचशती सर्किल के पास लॉयन्स क्लब के सामने के उजड़े पार्क में लगातार श्रमदान कर चमन कर दिया है।

ऑवर फॉर नेशन टीम के संयोजक सीए सुधीश शर्मा ने बताया कि इस रविवार 17 अप्रेल के श्रमदान के बाद पार्क का 90 प्रतिशत तक का सफाई का काम पूरा हो चुका है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष फरवरी के अंतिम रविवार से टीम ऑवर फॉर नेशन लगतार हर रविवार सदुलगंज स्थित इस पार्क में श्रमदान कर रही  है।

उन्होंने बताया कि लगभग डेढ़ माह के अथक श्रमदान के बाद आज पार्क का रूप ही बदल गया है। शर्मा ने बताया कि अब तक कचरे का डंपिंग यार्ड बना ये पार्क जिला प्रशासन की उदासीनता एवं वहां के निवासियों की अनदेखी का शिकार था।

साथ ही आसामजिक तत्वों द्वारा यहां अनैतिक कार्यो का अड्डा बना दिया गया था। उन्होंने बताया कि कुछ समय पूर्व तक पार्क में अनावश्यक खरपतवार तथा बेहिसा झाड़ियों के कारन दिन के समय में भी इस पार्क में घुसना असंभव सा था।

टीम  ऑवर फॉर नेशन ने यहां श्रमदान करके लगभग 20 ट्राली कचरा पार्क से हटाया। पार्क को झाड़ मुक्त किया एवं  पेड़ो की ट्रिमिंग की।

उन्होंने कहा कि अब यदि प्रशासन इस पार्क पर थोड़ा सा ध्यान दे दो इस इलाके के लोगो को खूबसूरत गार्डन की सौगात मिल सकती है।

रविवार के सफाई अभियान में सुधीश शर्मा, वसीम राजा, डॉ. अतुल गोस्वामी, डॉ. फारूक  अहमद, समीक्षा बागरी, गौतम, अरविन्द शर्मा, प्रदीप शर्मा, शक्ति सिंह,

रतन लाल अरोरा, राकेश गुज्जर, राम मीणा, मानक व्यास, सुशील यादव, अरुण चम, गजेंद्र सरीन, मो हसन, बीएसएनएल के सहायक जनरल मैनेजर इन्दर सिंह शामिल रहे।

बज्जू पहुंचा 40/50 एमवीए का पावर ट्रांसफार्मर, विद्युत-आपूर्ति गुणवत्ता में होगा बड़ा सुधार

बीकानेर, (समाचारसेवा)। बज्जू में 132 के.वी. जीएसएस पर 20/25 एमवीए के स्थान पर 40/50 एमवीए का पावर ट्रांसफार्मर शीघ्र ही स्थापित होगा। 40/50 एमवीए का ट्रांसफार्मर बज्जू पहुंच गया है।

ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने एक सप्ताह पूर्व ही राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम के अधिकारियों को बज्जू के 132 केवी जीएसएस पर उच्च क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर लगाने को कहा था।

भाटी ने बताया कि जीएसएस पर उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित करने का यह कार्य अति शीघ्र पूर्ण हो जाएगा। इस ट्रांसफार्मर के लगने से विद्युत उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि 40/50 एमवीए ट्रांसफार्मर लगने से बज्जू क्षेत्र में पावर ओवर लोडिंग की समस्या का समाधान होगा तथा वोल्टेज में सुधार आएगा।

साथ ही ट्रिपिंग की समस्या भी नहीं रहेगी। उन्होंने बताया कि इससे सम्पूर्ण बज्जू क्षेत्र से जुड़े गांवों में गुणात्मक विद्युत आपूर्ति हो सकेगी।

उन्होंने बताया कि बीठनोक में निर्माणाधीन 33 केवी जीएसएस का काम भी इसी माह में पूरा हो जाए।

भाजपा नेताओं ने एयरपोर्ट पर किया केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव का स्वागत

बीकानेर, (समाचारसेवा)।  केंद्रीय श्रम, रोजगार और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव का रविवार को बीकानेर के नाल सिविल हवाई अड्डे पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों द्वारा भावभीना स्वागत किया गया।

इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री के स्वागत के लिए भाजपा प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा भी हवाई अड्डे पर उपस्थित रहे।

जिला मंत्री और मीडिया प्रभारी मनीष आचार्य ने बताया कि केन्द्रीय मंत्री यादव रविवार सुबह ही हवाई मार्ग द्वारा दिल्ली से बीकानेर एयरपोर्ट पहुंचे जहां से यादव सीधे सड़क मार्ग द्वारा जैसलमेर के लिए रवाना हो गए।

नाल सिविल हवाई अड्डे पर केन्द्रीय मंत्री का स्वागत करने वाले भाजपा पदाधिकारियों में प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा,  जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, जिला महामंत्री मोहन सुराणा,

अनिल शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष अशोक प्रजापत, गुमान सिंह राजपुरोहित, अविनाश जोशी, जिला मंत्री अरुण जैन, कौशल शर्मा, महावीर सिंह चारण, किशन गोदारा इत्यादि सम्मिलित रहे।

डॉ. विश्नोई ने सीएम गहलोत का जताया आभा

बीकानेर, (समाचारसेवा)।  बीकानेर राजकीय विधि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. भगवानाराम बिश्नोई ने विधिक शिक्षा के क्षेत्र में प्रभावी प्रोत्साहन देने पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार जताया।

डॉ. बिश्नोई गत दिवस डॉ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय जयपुर द्वारा जयपुर में आयोजित एक दिवसीय नेशनल सेमिनार में शामिल हुए थे। बिश्नोई ने यहां मुख्यमंत्री को विधिक शिक्षा में आ रही समस्याओं से भी अवगत कराया।

डॉ. बिश्नोई ने यहां अपना व्याख्यान भी प्रस्तुत किया। उन्होंने डॉ. अम्बेडकर के आदर्शों को अपनाने और आत्मसात करने की बात कही।

चाइनीज मांझे का बहिष्कार पोस्टर का विमोचन

बीकानेर, (समाचारसेवा)।  संभागीय आयुक्त नीरज के पवन ने रविवार को राजस्थान यूथ क्लब की ओर से प्रकाशित चायनीज मांझा बहिष्कार पोस्टर का विमोचन किया।

क्लब के अध्यक्ष   मनोज चौधरी ने बताया कि चायनीज मांजा के विरोध में लोगो को जागरूक करने के लिए पोस्टर प्रकाशित करवाये गए हैं।

इन पोस्टरों को शहर के प्रमुख स्थानों पर लगाकर लोगों को चायनीज मांझे के नुकसानों से अवगत कराया जाएगा।

इस अवसर पर संभागी आयुक्त ने कहा कि बीकानेर जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग से बीकानेर में लगातार चायनीज मांझे के खिलाफ अभियान चल रहा है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिये सामाजिक संस्थाओं को भी आगे आना पड़ेगा। यूथ क्लब के सचिव उमेश पुरोहित ने बताया कि क्लब के द्वारा जगह जगह स्टिकर पेम्पलेट ओर पोस्टर का वितरण किया जाएगा।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में सुरेंद्र सिंह शेखावत, जुगल राठी, शिव लाल गोदारा, धर्म चन्द सांगवा, जयदीपसिंह जावा, पार्षद आनन्द सिंह सोढा, तोलाराम सियाग, धनपत चायल,

गोरधन लाल मीणा, रोहित बाना, हरीराम जाखड़, भरत शर्मा, रोहित मान, विक्रम चांगरा, प्रकाश आदि ने चायनीज मांजा न तो उपयोग लेंगे न किसी को करने देंगे,की शपथ ली।

दो दिवसीय दिव्यांग सहायता शिविर में 253 दिव्यांगों का हुआ पंजीकरण

बीकानेर, (समाचारसेवा)। श्रीकोलायत पंचायत समिति परिसर में नारायण सेवा संस्थान द्वारा आयोजित दो दिवसीय दिव्यांग जांच, ऑपरेशन चयन और कृत्रिम अंग (हाथ-पांव) माप नि:शुल्क शिविर रविवार को संपन्न हुआ।

शिविर के दौरान कुल 253 दिव्यांगों ने पंजीकरण करवाया। इनमें से 24 का कृत्रिम अंगों तथा 32 का केलीपर के लिए माप लिया गया। वहीं 55 दिव्यांगों का ऑपरेशन के लिए चिन्हीकरण किया गया।

आयोजकों ने बताया कि माप के लिए चिन्हित सभी दिव्यांगों को कृत्रिम अंग एवं केलिपर आगामी शिविर के दौरान नि:शुल्क वितरित किए जाएंगे।

वहीं ऑपरेशन के लिए चिन्हित दिव्यांगों का ऑपरेशन संस्था द्वारा उदयपुर में किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि कोलायत विधायक व राज्य के ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी की पहल पर श्रीकोलायत में पहली बार यह शिविर लगाया गया था।

शिविर के दूसरे दिन रविवार को विकास अधिकारी दिनेश सिंह भाटी, समाजसेवी झंवर लाल सेठिया, मनीष सेठिया, बज्जू विकास अधिकारी अमर सिंह बीका, नारायण सेवा संस्थान के डॉ. रविंद्र सिंह राठौड़, डॉ. प्रवीण, नाथू सिंह शेखावत, लाल सिंह भाटी, मुकेश त्रिपाठी और बहादुर सिंह ने अपनी सेवाएं दी।

आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत लगेंगे खण्ड स्तरीय हेल्थ मेले

बीकानेर, (समाचारसेवा)। आजादी के अमृत महोत्सव श्रृंखला के अंतर्गत देशभर के साथ बीकानेर जिले में सोमवार, 18 अप्रैल को नोखा से ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य मेलों का शुभारंभ होगा।

डिप्टी सीएमएचओ डॉ लोकेश गुप्ता ने बताया कि नोखा के बागड़ी अस्पताल में मेले को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर की गई हैं।

उन्होंने बताया कि नोखा के बाद 20 अप्रैल को लूणकरणसर, 21 को खाजूवाला, 22 को श्रीडूंगरगढ़, 23 को कोलायत, 25 को पाँचू, 26 को पूगल, 27 को बज्जू व 28 को नापासर में स्वास्थ्य मेले लगेंगे।

प्रत्येक मेले में 1500 से ढाई हजार तक लाभार्थियों के पहुंचने की संभावना के साथ तैयारियां की जा रही है।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि मेले में फिजीशियन, गायनेकोलॉजिस्ट, ऑप्थेल्मोलॉजिस्ट आदि विशेषज्ञों द्वारा सलाह, सभी बीमारियों के उपचार व रेफरल सहित एनसीडी स्क्रीनिंग कर हैल्थ कार्ड निर्माण, चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना पंजीकरण, मोतियाबिंद के लिए स्क्रीनिंग से लेकर दिव्यांगों के सर्टिफिकेट बनने तक के सभी कार्य किये जाएंगे।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि मेलों का प्रमुख उद्देश्य मौके पर उपचार सेवाएं प्रदान करने की बजाय प्राथमिकता से गंभीर रोगों की समय पर पहचान कर उच्च स्तरीय व निशुल्क उपचार तथा ऑपरेशन की सेवाएं प्रदान करवाना है।

18 से 28 अप्रेल तक सभी राजस्व ब्लॉक में इन स्वास्थ्य मेलो का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि जिले का स्वास्थ्य महकमा मुस्तेदी के साथ आयोजन के सफल क्रियान्वयन में जुट गया है।

प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर  प्रधान, उपखंड अधिकारी, बीडीओ व ब्लॉक सीएमओ को लेकर आयोजन समितियों का गठन कर दिया गया है।

राज्य स्तर से पर्यवेक्षक मेलों का करेंगे निरीक्षण

स्वास्थ्य मेंलों के सफल आयोजन के लिए मिशन निदेशक राष्‍ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी ने प्रत्येक जिले के लिए एक राज्यस्तरीय पर्यवेक्षक की तैनाती की है

जिसके अंतर्गत बीकानेर जिले मे संयुक्त निदेशक राजपत्रित डॉ. ओपी शर्मा द्वारा जिले के मेलों का निरीक्षण व सफलता सुनिश्चित की जाएगी।

साथ ही मेलों की दैनिक रिपोर्टिंग नेशनल हेल्थ पोर्टल पर उसी दिन सुनिश्चित की जाएगी।