बज्जू के 2 और महाजन थाने के 1 बदमाश पर कसा गया शिकंजा
USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। राजस्थान की बीकानेर पुलिस ने अपने स्लोगन ‘आमजन में विश्वास एवं अपराधियों में भय‘ को धरातल पर उतारते हुए आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) मृदुल कच्छावा ने जिले में बार-बार अपराध करने वाले और कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बने तीन अपराधियों की नई हिस्ट्रीशीट खोलने के आदेश जारी किए हैं।
एसपी कार्यालय की ओर से मंगलवार को जारी आदेश में संबंधित थानाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इन अपराधियों की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखें ताकि ये भविष्य में किसी वारदात को अंजाम न दे सकें।
इन 3 अपराधियों की खुली हिस्ट्रीशीट, देखें पूरी लिस्ट:
- भंवरसिंह (उम्र 23 साल): बज्जू थाना क्षेत्र के बेरा देदावतान का रहने वाला यह बदमाश हत्या के प्रयास, मारपीट और एससी/एसटी एक्ट मामलों का आरोपी है। इसके खिलाफ कुल 08 गंभीर मामले दर्ज हैं।
- बजरंग खीचड़ (उम्र 32 साल): बज्जू थाने के मोडायत गांव निवासी बजरंग पर मारपीट, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, राजकार्य में बाधा और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे 06 संगीन प्रकरण दर्ज हैं।
- साहबराम (उम्र 35 साल): महाजन थाना इलाके के सुंई गांव के रहने वाले साहबराम पर मारपीट, चोरी, हत्या के प्रयास के साथ-साथ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में इसके खिलाफ सर्वाधिक 10 प्रकरण दर्ज हैं।
एसपी मृदुल कच्छावा के इस एक्शन के बाद जिले के अन्य अपराधियों में भी हड़कंप मच गया है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है और शांति भंग करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।


