NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि ने कहा कि प्रस्तावित नहरबंदी के मद्देनजर जलदाय और जल संसाधन विभाग द्वारा सभी पुख्ता व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें, जिससे आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। कलक्टर ने सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कहा कि नहरबंदी से पूर्व सभी जल भंडारण स्त्रोतों में पर्याप्त जल भंडारण कर लिया जाए।
इस दौरान पेयजल की चोरी नहीं हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दोनों विभागों द्वारा अब तक की गई तैयारियों, जल भंडारण स्त्रोतों तथा रिजर्व वायर की स्थिति सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। जिला कलक्टर ने पीडब्ल्यूडी, आरएसआडीसी और आरयूआइडीपी द्वारा किए जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की स्थिति, गर्मी के मद्देनजर पशुपाल विभाग द्वारा पशुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक में संपर्क पोर्टल के लंबित एवं निस्तारित प्रकरणों का फीडबैक लिया गया। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) रमेश देव, नगर निगम उपायुक्त यशपाल आहूजा, नगर विकास न्यास के उपायुक्त ऋषि सुधांशु पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


