Samachar Seva

Mission Patrkarita

बीकानेर विकास प्राधिकरण ने कमाई लगभग 315 प्रतिशत अधिक आय

NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर विकास प्राधिकरण ने वर्ष 2024-25 में 90.49 करोड़ रुपए की आय के मुकाबले वित्तीय वर्ष 2025-26 में 375.33 करोड़ रुपए की आय अर्जित की है। यह गत वित्तीय वर्ष की तुलना में लगभग 315 प्रतिशत अधिक है। प्राधिकरण बोर्ड की बैठक सोमवार को बीकानेर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष तथा जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में हुई।

बैठक में श्रीमती वृष्णि ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में भूमि विक्रय के 85 करोड़ रुपए के अनुमानित लक्ष्य के विरुद्ध 234.12 करोड़ रुपए की आय हुई। आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इस मद में लगभग 15 करोड़ रुपए की आय का अनुमान प्रस्तावित किया गया है। श्रीमती वृष्णि ने बताया कि आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्राधिकरण द्वारा 300 करोड़ रुपए की अनुमानित आय तथा 300 करोड़ रुपए के अनुमानित व्यय का संतुलित बजट प्रस्तावित किया गया है।

कबीर वाटिका विकास कार्य, जोड़बीड़ क्षेत्र में प्राधिकरण भवन निर्माण को भी आगामी वित्तीय वर्ष में प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जाना प्रस्तावित है। बैठक में आयुक्त अपर्णा गुप्ता, नगर निगम आयुक्त मयंक मनीष, बीडीए सचिव कुलराज मीणा, उपायुक्त ऋषि सुधांशु पांडे, रीको के रीजनल मैनेजर एसपी शर्मा, रोडवेज प्रबंधक इंद्रा गोदारा, बीकानेर विकास प्राधिकरण के निदेशक (वित्त) नरेश राजपुरोहित सहित बोर्ड के अन्य सदस्य मौजूद रहे।