जेएनवीसी पुलिस व डीएसटी की कार्रवाई, वारदात के बाद से ही चल रहा था फरार
USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। जयपुर रोड स्थित एक रिसोर्ट में घुसकर होटल व्यवसायी और उसके कर्मचारियों पर जानलेवा हमला व तोड़फोड़ करने के मामले में बीकानेर की जेएनवीसी थाना पुलिस और डीएसटी (DST) टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले में 4 साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी वांछित मुल्जिम सुरेन्द्रपाल बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ और अनुसंधान कर रही है।
यह था पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, 5 मई 2022 को प्रार्थी सुभाष लेघा ने जेएनवीसी थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था। रिपोर्ट में बताया गया कि 4 मई 2022 की शाम करीब 6 बजे कैलाश बिश्नोई, कुलदीप, जेपी चौधरी, रोहित कस्वां, अनिल खिचड़, गौरव कामरा, अभिषेक, अमन व अन्य ने उसके रिसोर्ट में घुसकर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमलावरों ने सुभाष लेघा और वहां काम करने वाले कर्मचारियों (जैनुल व ऋषिराज शेखावत) पर हमला किया, जिससे जैनुल को गंभीर चोटें आईं। इसके अलावा आरोपियों ने रिसोर्ट में भारी तोड़फोड़ भी की।
टीम गठित कर ऐसे की कार्रवाई दर्ज
प्रकरण में आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश (IPS) के निर्देशानुसार, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। सहायक पुलिस अधीक्षक (वृत्त सदर) अनुष्ठा कालिया (IPS) के नेतृत्व में काम कर रही इस टीम ने लगातार आसूचना संकलन (Intelligence Gathering) किया।
इसी पुख्ता सूचना और तलाश के आधार पर जेएनवीसी थाना पुलिस व डीएसटी टीम ने घटना में वांछित और 5 हजार रुपये के इनामी मुल्जिम गांव सांवतसर निवासी सुरेन्द्रपाल पुत्र गोकुल राम बिश्नोई (30) को आखिरकार दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
इस अहम कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में जेएनवीसी थानाधिकारी (पुलिस निरीक्षक) विक्रम तिवाड़ी, डीएसटी टीम बीकानेर के दीपक यादव, जेएनवीसी थाने के एएसआई विजय सिंह, डीएसटी टीम के कांस्टेबल संदीप और जेएनवीसी थाने के कांस्टेबल प्रभुराम शामिल रहे।


