बीकानेर, (समाचार सेवा)। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री भंवर सिंह भाटी ने आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति को सभी चिकित्सा पद्धतियों की जननी बताया। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति भारतीय वैदिक संस्कृति से जुड़ी है। भाटी गुरूवार को कोलायत के राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय व पशु चिकित्सालय भवन के उद्धाटन एवं लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आयुर्वेद चिकित्सा को प्रोत्साहित करने के लिए पूर्ण तत्पर है।
इससे पहले भाटी ने कोलायत में 15 लाख रुपए की लागत से बने आयुर्वेदिक चिकित्सालय भवन और 22 लाख की लागत से बने पशु चिकित्सालय भवन का उद्घाटन किया। भाटी ने कहा कि कोलायत मुख्यालय पर जितने भी सरकारी विभाग के कार्यालय निजी भवन में चल रहे हैं उनके लिए भूमि आवंटित करवा कर भवन निर्माण हेतु प्रयास किया जायेगा। ब्लाक सीएमओ डा. अनिल वर्मा ने उच्च शिक्षा मंत्री को मच्छर नाशक बैट भेंट किया। डाक्टर वर्मा ने बताया कि समाजसेवी बलजीत बाजवा ने कोलायत ब्लाक के छात्रवासों में मच्छर नाशक बैट भेंट किए है।
लोकार्पण समारोह में पूर्व जिला प्रमुख पूर्णाराम मेघवाल, कोलायत सरपंच देवी सिंह भाटी उप निदेशक आयुर्वेद डॉक्टर कौशल कुमार कालरा, संयुक्त निदेशक पशुपालन पूनम चंद शर्मा एसडीएम कोलायत प्रदीप चाहर, तहसीलदार कोलायत हनुमान सिंह देवल, मूलचंद, डॉ. गोविंद, डॉ शशि कांत शर्मा, डॉ भवानी शंकर एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने उक्त भवनों का निर्माण करवाने के लिये मंत्री महोदय का आभार व्यक्त किया।
आचार संहिता में अटका लोकार्पण
कार्यक्रम समाप्ति उपरान्त श्री भाटी को अवगत करवाया गया की राज्य में पंचायत राज चुनावों की तिथियों की घोषणा होने से आचार संहिता लागु हो गई है तो उन्होंने ग्राम सांखला बस्ती में विधायक निधि कोष से निर्मित सामुदायिक भवन के लोकार्पण कार्यक्रम को स्थगित कर दिया।
बीकानेर में साइंस सेंटर को खोलने की मिली मंजूरी
बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर में प्रतीक्षारत साइंस सेंटर को मंजूरी मिल गई है। इस साइंस सेंटर के माध्यम से छात्रों की विज्ञान के प्रति रूचि बढ़ेगी तथा विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त होंगे। यह साइंस सेंटर विज्ञान के विद्यार्थियों के सपनों को साकार ही नहीं करेगा अपितु विज्ञान के क्षेत्र में विषेष रूचि रखने वाले लोगों की जिज्ञासाओं को पूर्ण करेगा।
केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री प्रहलाद सिंह ने बीकानेर के सांसद व केन्द्रीय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के प्रयासों को ध्यान में रखते हुए मंजूरी दी। केन्द्रीय मंत्री मेघवाल ने कहा कि बीकानेर का यह साइंस सेंटर आज के आधुनिक युग में विज्ञान के छात्रों की वैज्ञानिक सोच को बढ़ाने का भी कार्य करेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिए गए नारे ‘जय जवान जय किसान‘‘ के साथ-साथ ‘‘जय विज्ञान‘‘ के सपनों को भी साकार करेगा।
जैन पीजी एल्यूमनी मीट के लिए पहुंचने लगे प्रवासी छात्र
बीकानेर, (समाचार सेवा)। जैन कॉलेज के पुराने प्रवासी छात्र बीकानेर पहुंचने शुरू हो गए है। कॉलेज में बिताये पुराने सुनहरे दिनो की याद ताजा करने के लिए जैन पीजी कॉलेज के पुराने सहपाठी अपनीएल्यूमनी मीट में २८ व २९ दिसम्बर के दो दिवसीय कार्यक्रम में 25 साल बाद एक साथ होंगे। इसके तहत देश के अलावा विदेश में बीकॉम विषय के अध्ययरत एलुमिनी स्टूडेंट्स फैमिली सहित कार्यक्रम में शिरकत करने बीकानेर पहुंचने शुरू हो गए है।

आयोजन समिति के कुणाल कोचर ने बताया कि कार्यक्रम में भारत सहित विदेशों से 25वीं एलुमिनी पहुंचेंगे। बीकानेर की जैन कॉलेज में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में प्रथम दिन एक सम्मान समारोह में पूर्व शिक्षकों का सम्मान भी किया जायेगा।कार्यक्रम में कबिना मंत्री डॉ. बी.डी.कल्ला,विधायक सिद्दी कुमारी, विधायक सुमित गोदारा, ऐ.डी.ऐम. सिटी सुनीता चौधरी अतिथि होंगे। पूर्व छात्र बृजरतन भोजक ने बताया कि एलुमिनाई मीट आयोजित करने वाली कमेटी ने पूराने सहपाठियों से फेसबुक और वाट्सएप के जरिए सम्पर्क किया। इसके तहत इस वर्ष एक सौ पचास से ज्यादा विद्यार्थियों को जोड़ा। कार्यक्रम के द्वितीय दिन सभी विद्यार्थी सुबह कॉलेज कैम्पस में एक-दूसरे से मिलेंगे।
वहां से आयोजन स्थल गणेशम रिसोर्ट पर एकत्रित होंगे।इस दौरान वे खेल, म्यूजिकल चेयर कार्यक्रम सहित अनेक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। बच्चों के लिए भी कई प्रतियोगिताएं रखी गई है।कार्यक्रम की विभिन्न व्यवस्थाए विनोद पारख, डॉ राजेंद्र,संजय गक्खड़, बजरंगलाल जोशी, आदेश श्रीवास्तव,विजिया सिपानी, ऋषि गुप्ता,हेमंत बोथरा, गौतम तातेड़,मधुसूदन आदि सभी कर रहे है।
कृषि को व्यवसाय के रूप में स्थापित करना सबसे बड़ी चुनौती – कुलपति प्रो. आर. पी. सिंह
एसकेआरएयूः इक्कीस दिवसीय विंटर स्कूल सम्पन्न
बीकानेर, (समाचार सेवा)। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय बीकानेर के कुलपति प्रो. आर. पी. सिंह ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या के अनुरूप गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना तथा कृषि को व्यवसाय के रूप में स्थापित करना आज सबसे बड़ी चुनौती है।

प्रो. सिंह गुरुवार को विवि परिसर में में ‘डिजिटल न्यूट्रिगेशन फोर रिसोर्स कंजर्वेशन इन एरिड एग्रो सिस्टम’ विषयक इक्कीस दिवसीय शीतकालीन प्रशिक्षण (विंटर स्कूल) के समापन की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों को इस दिशा में मंथन करना होगा। कुलपति ने कहा कि उत्पादन बढ़ाने के लिए खेतों में कृषि रसायनों का भरपूर उपयोग हो रहा है। इससे भूमि की उर्वरा शक्ति प्रभावित हुई है और मानव स्वास्थ्य पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। ऐसे दुष्प्रभावों से बचने के लिए किसानों को जागरुक करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान ऐसे अनेक विषयों पर विचार विमर्श किया गया। प्रशिक्षणार्थी, इस ज्ञान का उपयोग फील्ड में करें, जिससे किसानों को लाभ हो। मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए श्री कर्ण नरेन्द्र कृषि विश्वविद्यालय जोबनेर के पूर्व कुलपति प्रो. प्रवीण सिंह राठौड़ ने कहा कि वर्तमान में भारत की जनसंख्या 137 करोड़ हो गई है तथा अनुमान के अनुसार 2050 तक यह बढ़कर 164 करोड़ तक पहुंच जाएगी। बढ़ती जनसंख्या हमारे लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि आज कृषि के लिए नवीनतम तकनीकों के उपयोग की जरूरत है। ऐसे प्रशिक्षण इसमें प्रभावी भूमिका निभाएंगे। पाठ्यक्रम निदेशक प्रो. वाई. सुदर्शन ने कहा कि इक्कीस दिवसीय प्रशिक्षण में मध्यप्रदेश, राजस्थान और गुजरात के कृषि वैज्ञानिकों ने भागीदारी निभाई। यह चार कृषि विश्वविद्यालयों एवं आइसीएआर के एक केन्द्र के प्रतिनिधि थे। उन्होंने कहा कि इक्कीस दिवसी प्रशिक्षण के दौरान विषय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन के अलावा प्रायोगिक कार्य एवं फील्ड विजिट करवाया गया।
कृषि अनुसंधान केन्द्र के क्षेत्रीय निदेशक प्रो. पी. एस. शेखावत ने आभार जताया। उन्होंने प्रशिक्षण की रूपरेखा एवं विषय पर प्रकाश डाला। इस दौरान गुजरात के डॉ. कपिल मोहन शर्मा और पाली के डॉ. लोकेश कुमार जैन ने प्रशिक्षण से जुड़े अनुभव साझा किए। इससे पहले अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यह्नम की विधिवत शुरूआत की। कुलपति एवं अतिथियों ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। संचालन डॉ. सुशील कुमार ने किया। इस दौरान प्रसार शिक्षा निदेशक प्रो. एस. के. शर्मा, अनुसंधान निदेशक प्रो. एस. एल. गोदारा, गृह विज्ञान महाविद्यालय अधिष्ठाता डॉ. दीपाली धवन, डॉ.वीर सिंह, इंजी. ए. के. सिंह, डॉ. इंद्रमोहन वर्मा, डॉ.गोविंद सिंह सहित विभिन्न डीन-डायरेक्टर, कृषि वैज्ञानिक, प्रतिभागी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
सादगीपूर्ण हों वैवाहिक आयोजन – डॉ. जैन
बीकानेर, (समाचार सेवा)। जैन महासभा से जुडे डॉ. धर्मचन्द जैन ने समाज के लोगों से वैवाहिक आयोजन सादगीपूर्ण किय जाने का आव्हान किया। डॉ. जैन गुरुवार को जैन पब्लिक स्कूल सभागार में जैन महासभा के नववर्ष पंचाग का लोकापर्ण एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अधिक व्यंजन करने वाले व्यक्ति खिलाने के लिए नहीं चिड़ाने के लिए अधिक संख्या में व्यंजन बनवाते हैं। डॉ. जैने ने कहा कि जैन महासभा संगठन, समाज सुधार व विकास के महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। इससे समाज को और बड़ी उम्मीदें हो गई है।

जैन महासभा के अध्यक्ष जैन लूणकरण छाजेड़ ने कहा कि सामाजिक सुधार के लिए अपनाये जाने वाले इन तरीकों से विचार भिन्न हो सकते हैं परन्तु प्रदर्शन, फैशन, दहेज, बड़े भोज की सीमा कहीं न कहीं तो बांधनी होगी। समारोह पूर्व अध्यक्ष जयचन्दलाल, इन्द्रमल सुराणा, चम्पकमल सुराणा, विजय कोचर व महामंत्री सुरेन्द्र बद्धानी, मेघराज बोथरा,एडवोकेट महेन्द्र जैन, मनोज सेठिया, निर्मल दस्साणी व दुलीचन्द बुच्चा समेत अनेक प्रबुद्धजन मौजूद थे।
वेटरनरी विश्वविद्यालय में बोर्ड ऑफ स्टडीज की 10वीं बैठक संपन्न
बीकानेर, (समाचार सेवा)। वेटरनरी विश्वविद्यालय की 10वीं बोर्ड ऑफ स्टडीज की बैठक गुरूवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता फैकल्टी चेयरमैन और अधिष्ठाता प्रो. राकेश राव ने की। बोर्ड ऑफ स्टडीज ने शिक्षा और पाठ्यक्रम की गुणवत्ता के बारे में विचार-विमर्श किया। बोर्ड के सदस्य सचिव प्रो. ए.के. कटारिया ने बताया कि विश्वविद्यालय में परीक्षा की गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए स्नातक स्तर पर परीक्षाएं बाह्य परीक्षक द्वारा ही लिए जाने का प्रस्ताव पारित किया।

वेटरनरी विश्वविद्यालय का केन्द्रीय पुस्तकालय बीकानेर में गठित होने के बाद आंतरिक वातावरण आंकलन समिति की सलाह से संघटक महाविद्यालयों के पुस्तकालयों के लिए आवश्यम संसाधन उपलब्ध करवाने पर सहमति व्यक्त की गई। बैठक की कार्यवाही का विवरण विवि की अकादमिक परिषद् के अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। बोर्ड ऑफ स्टडीज की पूर्व बैठक की पालना रिपोर्ट का अनुमोदन किया गया। बैठक में राजुवास के संघटक और निजी महाविद्यालयों के डीन, वेटरनरी कॉलेज के विभागाध्यक्ष और अन्य अधिकारियों ने शिरकत की।
जांगिड मीडिया प्रभारी बने
बीकानेर, (समाचार सेवा)। पांचेश जांगिड़ को नखत बन्ना टाईगर फोर्स जिला मीडिया प्रभारी बनाया गया है।

नखत बन्ना टाईगर फोर्स के संस्थापक छैलूसिंह टावरीवाला ने बताया कि पांचेश जांगिड़ के सामाजिक कार्यो की भावना को देखते हुए राष्ट्रीय कार्यालय में जिला अध्यक्ष खींवसिंह मेकेरी के साथ जोधपुर से जिला मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि जांगिड को संगठन के उद्देश्यो के बारे में जानकारी देते हुए सोशल टीम पर सक्रिय रहने को कहा गया है।
पुष्करणा स्टेडियम में होगा पुष्करणा चैलेन्ज कप 2020 क्रिकेट मुकाबला
बीकानेर, (समाचार सेवा)। तीसरी राज्य स्तरीय पुष्करणा चैलेंज कप 2020 क्रिकेट प्रतियोगिता 1 जनवरी से पुष्करणा स्टेडियम में आयोजित होगी । प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें हिस्सा लेगी। प्रतियोगिता में राजस्थान सहित अन्य राज्यों से पुष्करणा समाज की क्रिकेट टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता का आयोजन पुष्टिकर खेलकुद आयोजन समिति द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता का फाइनल मैंच रात के अंधेर में दूधीया रोशनी में पुष्करणा स्टेडियम में खेला जायेगा।



