NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। राजस्थान भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. सुरेंद्र सिंह ने बीकानेर के PBM अस्पताल (सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय) में व्याप्त भारी अव्यवस्थाओं और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा है।
डॉ. सिंह ने मरीजों की परेशानियों को उजागर करते हुए अस्पताल के लिए एक पूर्णकालिक प्रशासक नियुक्त करने और सुविधाओं के विस्तार की पुरजोर मांग की है। मुख्यमंत्री को दिए ज्ञापन में डॉ. सिंह ने बताया कि PBM अस्पताल में सुपर स्पेशलिटी डॉक्टरों, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ की भारी कमी है। OPD और IPD में मरीजों की भारी भीड़ के बीच पंजीकरण में अनावश्यक देरी होती है।
सबसे ज्यादा परेशानी जांचों को लेकर है। सोनोग्राफी और MRI के लिए मरीजों को एक सप्ताह तक का इंतजार करना पड़ रहा है। जांच काउंटर 24 घंटे नहीं खुलते। साथ ही, निःशुल्क दवाओं, ड्रिप, नीडल और केनुला जैसी आवश्यक सर्जिकल सामग्रियों की कमी के चलते मरीजों को बाजार से सामान खरीदना पड़ रहा है। अस्पताल की इमारतें जर्जर हैं और साफ-सफाई के अभाव में संक्रमण का खतरा बना रहता है।
वरिष्ठ आरएएस (RAS) अथवा आईएएस (IAS) को प्रशासक लगाया जाए
ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगें डॉ. सिंह ने ज्ञापन में अस्पताल के समग्र प्रबंधन, अनुशासन और जवाबदेही के लिए किसी अनुभवी वरिष्ठ आरएएस (RAS) अथवा आईएएस (IAS) अधिकारी को पूर्णकालिक प्रशासक/निदेशक के रूप में लगाने का आग्रह किया। रिक्त पड़े चिकित्सकों, नर्सिंग, पैरामेडिकल स्टाफ और तकनीशियनों के पदों पर तत्काल भर्ती करने की बात लिखी।
नई बहुमंजिला इमारत का निर्माण, आधुनिक उपकरणों की खरीद, बेड्स की संख्या में वृद्धि, और क्रिटिकल केयर यूनिट्स (ICU, NICU, SICU) व ट्रॉमा सेंटर की स्थापना करने की आवश्यकता जताई। जांच काउंटर 24 घंटे खुले रखने, सोनोग्राफी एवं एमआरआई मशीनें अनुपातिक रूप से बढ़ाने तथा अस्पताल के विकास कार्यों के लिए विशेष पैकेज घोषित करने व शिकायत निवारण के लिए 24×7 हेल्पलाइन शुरू करने का आग्रह किया।


