Samachar Seva

Mission Patrkarita

हिरण के मांस के साथ चार गिरफ्तार

Four arrested with deer meat

बीकानेर, (समाचारसेवा)। हिरण के मांस के साथ चार गिरफ्तार, सदर थाना पुलिस ने नगर निगम कार्यालय के पास हिरणों के मांस की सौदेबाजी करते तीन शिकारियों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो हिरणों का मांस, खाल, सींग सहित अन्य अवशेष बरामद किए हैं।

पुलिस ने इस मामले में बीकानेर में रानी बाजार निवासी शिकारी सिंकदर, रफीक, कालू खां तथा मांस खरीदने वाले चुन्नीलाल मेहरा को दबोचा है। पता चला कि शिकारियों ने शनिवार की रात छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र के मोतीगढ़ की रोही में दो हिरणों का शिकार किया था। इसके बाद वे मृत हिरणों को लेकर बजरंग धोरे आए।

यहां आरोपियों ने हिरणों को खुर्द बुर्द करते हुए मांस, खाल व सींग आदि अलग अलग किए। इसके बाद रविवार सुबह नगर निगम के पास रहने वाले चाय व मछली की रेहड़ी लगाने वाले हिस्‍ट्रीशीटर चुन्नीलाल मेहरा को मांस बेचने आए।

पुलिस पूछताछ में आरोपी चुन्नीलाल ने बताया कि 12 हजार रूपए में सौदा तय हुआ था, लेन-देन को लेकर बात बिगड़ी तो उसने ही पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस ने चुन्‍नीलाल सहित तीनों शिकारियों को दबोच लिया।

आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।   इस मामले में वन विभाग बीकानेर दक्षिण के रेंजर बिशन सिंह ने बताया कि आरोपी चुन्नीलाल अवैध शराब सप्लायर भी है।

उन्‍होंने बताया कि विभाग की ओर से आईएफएस रंगा स्वामी के निर्देशन में मामले की जांच शुरू की गई है।