Samachar Seva

Mission Patrkarita

कोटा में एनसीसी कैडेटों के लिए वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन

NEERAJ JOSHI जयपुर, (समाचार सेवा)। 14 राज बटालियन एनसीसी द्वारा 527 एनसीसी कैडेटों के लिए राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, कोटा में 27 मई से 05 जून 2025 तक वार्षिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर का प्राथमिक उद्देश्य एनसीसी कैडेटों में सौहार्द, टीम वर्क, नेतृत्व, आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और श्रम की गरिमा जैसे गुणों का विकास करते हुए एक अनुशासित जीवन शैली का परिचय देना है।

कैडेटों को कैंप लाइफ की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा, जहां वे अपने संस्थागत प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को लागू करेंगे। दस दिनों के शिविर के दौरान कैडेटों को फुट ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, फायरिंग अभ्यास, मानचित्र पढ़ना, फायर क्राफ्ट और बैटल क्राफ्ट, सामाजिक सेवा गतिविधियाँ, अग्निशमन आदि सहित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों से गुजरना होगा। 05 जून 2025 को विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में कैडेट स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण में भाग लेंगे। ऑपरेशन सिंदूर को ध्यान में रखते हुए कैडेटों नागरिक सुरक्षा तकनीकों पर विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

यह शिविर कैडेटों में रक्षा सेवा कार्य के सिद्धांतों को विकसित करने के उद्देश्य की पूर्ति करेगा, जो कि कड़ी मेहनत, उद्देश्य की निष्ठा, ईमानदारी, निःस्वार्थ सेवा, श्रम की गरिमा, धर्मनिरपेक्ष दृष्टिकोण, भाईचारा, साहस की भावना और खेल कौशल पर आधारित होगा ।