आपसी सद्भाव कायम रखने का लेना होगा संकल्प – यशपाल आहूजा

बीकानेर, (समाचार सेवा)  यूआईटी सचिव यशपाल आहूजा ने कहा कि आज हमें आपसी सद्भाव कायम रखने के लिये संकल्‍प लेना जरूरी है।

आहूजा शनिवार को  पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 78वीं जयंती के अवसर पर  जिला प्रशासन और महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में ‘सद्भावना-शांति और विकास’ विषयक सेमिनार को मुख्‍य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि किसी भी सभ्य समाज में सद्भाव होना बेहद जरूरी है। शांति और अहिंसा निदेशालय के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी अशोक कुमार बिश्नोई ने कहा कि आपसी सद्भाव की भावना सदैव प्रासंगिक होती है।

हमें इसे अपने  व्यवहार में ढालना चाहिए।  मुख्य वक्ता महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के उप कुल सचिव डॉ. बिट्ठल बिस्सा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी आपसी सद्भाव के पैरोकार थे।

उनकी जयंती को सद्भावना दिवस के रूप में मनाना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। गांधीवादी चिंतक और वक्ता डॉ. विजय ऐरी ने कहा कि हम परंपरागत रूप से आपसी सद्भाव की भावना को पोषित करते करने वाले हैं।

अहिंसा और आपसी सद्भाव के पथ पर चलते हुए महात्मा गांधी ने देश को आजादी दिलाई। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. विजयश्री गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन दिया।

महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक संजय आचार्य ने कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में बताया।

डॉ. रजनी रमन झा ने आभार व्यक्त किया।  समिति के समन्वयक राजेंद्र जोशी ने कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने आपसी सद्भावना की शपथ दिलाई और अब तक आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में साजिद सुलेमानी, महाविद्यालय के संकाय सदस्य, एनएसएस अधिकारी डॉ. सुनीता गहलोत, डॉ. सीमा व्यास, डॉ. मेघना मीणा, डॉ. सुनीता मंडा, रेंजरिग अधिकारी डॉ. राधा सोलंकी तथा एनएसएस स्वयं सेविकाएं और छात्राएं उपस्थित रही।