बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा ने की घोषणा, खाजूवाला थाने में दर्ज है प्रकरण
USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)।भारत-पाक सीमा पार से ड्रोन ड्रॉपिंग के जरिए अवैध हथियार एवं कारतूस तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों करण सिंह तथा गुरकीरत सिंह की गिरफ्तारी के लिए बीकानेर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का नगद इनाम घोषित किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि पुलिस थाना खाजूवाला में दर्ज प्रकरण संख्या 69/2026 27 फरवरी 2026 में आर्म्स एक्ट 1959 की विभिन्न धाराओं तथा बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज है। प्रकरण में वांछित दो आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह इनाम घोषित किया गया है।
फरार आरोपियों पर 50 हजार का इनाम
इनाम घोषित किए गए आरोपियों में करण सिंह पुत्र चन सिंह निवासी सुखेरा बोदला, तहसील जलालाबाद, थाना सदर जलालाबाद, पंजाब तथा गुरकीरत सिंह पुत्र बख्शीस सिंह निवासी गवर्नमेंट सीड फार्म, ढाणी कराहा सिंह, तहसील अबोहर, जिला फाजिल्का (पंजाब) शामिल हैं। दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम रखा गया है।
बीकानेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी करण सिंह तथा गुरकीरत सिंह भारत-पाक सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से अवैध हथियार एवं कारतूस तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आरोपियों के संबंध में कोई भी जानकारी होने पर पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


