बीकानेर संभाग के पांच लाख स्‍थानों पर एक सप्‍ताह तक फहराया जाएगा तिरंगा

Tricolor will be hoisted for a week at five lakh places of Bikaner division
Tricolor will be hoisted for a week at five lakh places of Bikaner division

संभागीय आयुक्‍त नीरज के. पवन ने की हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगाअभियान की समीक्षा

बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर संभाग के पांच लाख स्‍थानों पर एक सप्‍ताह तक फहराया जाएगा तिरंगा, हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा अभियान के तहत बीकानेर संभाग में आगामी 9 से 15 अगस्‍त तक सरकारी कार्यालयों, संस्‍थानों सहित पांच लाख स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया जाएगा।

इस दौरान गांव-गांव, शहर-शहर तिरंगा यात्राएं भी निकाली जाएंगी। विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। संभागीय आयुक्‍त नीरज के पवन ने शनिवार को वीडियो कान्‍फ्रेसिंग के माध्‍यम से इस अभियान की पूर्व तैयारियों की समीक्षा की।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत बीकानेर में 02 लाख तथा चूरू, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में 01-01 लाख स्थानों पर तिरंगा फहराया जाएगा। संभागीय आयुक्त ने कहा कि ध्वजारोहण के दौरान झंडा संहिता के सभी नियमों की पालना सुनिश्चित करवाने को कहा।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान में किसी प्रकार की कोताही नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। संभागीय आयुक्‍त ने संबंधित अधिकारियों से लक्ष्य के अनुरूप संख्या में तिरंगे झंडे की व्यवस्था करने तथा इनके वितरण की व्‍यवस्‍था करने को कहा।

डॉ. नीरज के. पवन ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा तिरंगा आधारित नारा लेखन, गीत, निबंध, वाद-विवाद, पेंटिंग सहित अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कॉलेज शिक्षा विभाग द्वारा चारों जिलों के प्रमुख स्थानों पर वॉल पेंटिंग करवाई जाएगी।

बैठक में आईजी, कलक्‍टर, एसपी, सीईओ जिला परिषद सहित विभिन्‍न अधिकारी मौजूद रहे। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ व चूरू के कलक्टर, एसपी व अन्य अधिकारी वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जुड़े रहे।

तिरंगा यात्रा निकलेगी

स्वाधीनता दिवस के समारोह से पूर्व प्रत्येक ग्राम पंचायत में तिरंगा यात्रा निकलेगी। यह यात्रा पंचायत के प्रमुख स्थान से होकर कार्यक्रम स्थल तक निकाली जाएगी। इसी प्रकार पुलिस द्वारा भी तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी।

इनमें कांस्टेबल से लेकर पुलिस अधीक्षक तक भागीदारी निभाएंगे। जिला स्तर पर विशाल तिरंगा यात्रा निकलेगी। इसमें आमजन को भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

वाटसएप डीपीपर हो तिरंगा

संभागीय आयुक्त ने कहा कि सभी सरकारी कार्मिकों के व्हाट्सऐप की डिस्प्ले पिक्चर (डीपी) और ग्रुप की आइकन पिक्चर पर तिरंगा झंडा लगाया जाएगा।

संभागीय आयुक्त ने कहा कि सभी सरकारी वेबसाइट्स के अलावा कम्प्यूटर, मोबाइल और लैपटॉप के वॉलपेपर, डिजिटल स्क्रीन पर भी तिरंगा झंडा लगाया जाएगा।

विभिन्न स्थानों पर सेल्फी पाइंट बनाए जाएंगे।

प्रतीक्षा गृहों में लगेंगे तिरंगे बैनर

संभागीय आयुक्त ने कहा कि सरकारी एवं निजी बसों, सरकारी कार्यालयों, बस स्टेण्ड, रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षा गृहों में नॉर्म्स के अनुसार तिरंगे के बैनर लगाए जाएंगे।

मिठाई की डिब्बियों पर भी तिरंगा स्टीकर लगाया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों के मौजीज लोगों के वीडियो संदेश साझा किए जाएंगे।

सोशल मीडिया पर चलेगा विशेष कैम्पेन

कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने बताया कि जिले के पांच हजार से अधिक सक्रिय महिला स्वयं सहायता समूहों, ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर बने 557 व्हाट्सऐप गु्रप्स के माध्यम से अभियान की जानकारी घर-घर तक पहुंचाई जाएगी।