NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। आजादी के अमृत महोत्सव अंतर्गत बीकानेर में भी 02 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस बार यह कार्यक्रम तीन फेज में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन को लेकर शुक्रवार को जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने कलेक्ट्रेट सभागार में सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली।
कलेक्टर ने आमजन से आह्वान किया कि वे हर घर तिरंगा वेबसाइट पर जाकर तिरंगा वॉलंटियर्स के रूप में खुद का पंजीयन करवाएं। बैठक में एडीएम सिटी रमेश देव ने बताया कि 13 से 15 अगस्त तक सभी राजकीय व निजी कार्यालयों के साथ साथ निजी भवनों पर ध्वज फहराया जाएगा।
एडीएम सिटी देव ने बताया कि 14 अगस्त की शाम 07 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत, ब्लॉक मुख्यालय और जिला मुख्यालय पर किया जाएगा। बैठक में नगर निगम कमिश्नर मयंक मनीष, सीईओ जिला परिषद सोहन लाल समेत सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


