USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। राजस्थान सशस्त्र दल (आरएसी) बीकानेर की तीसरी बटालियन की कमांडेंट अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीमा हिंगोनिया ने कहा कि राजस्थान पुलिस के “सुरक्षा चक्र” अभियान का मूल उद्देश्य देश के युवाओं को सुरक्षित कर देश को सुरक्षित करना है। श्रीमती हिंगोनिया शनिवार सुबह आरएसी तीसरी बटालियन बीकानेर परिसर में राजस्थान पुलिस के “सुरक्षा चक्र” अभियान के प्रथम चरण के “छठा बैच” के समापन समारोह को संबोधित कर रही थीं।
कार्यक्रम में आकाशदीप पब्लिक स्कूल, राजकीय महारानी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बीकानेर, स्वामी विवेकानंद कॉलेज फॉर प्रोफेशनल स्ट्डीज नापासर के बच्चों और बच्चियों ने भाग लिया। सभी बच्चों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त करने पर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि अस्सिटेंट फॉरेस्ट ऑफिसर पूजा पंचारिया, बाबूलाल मोहतो सरोज आदि ने भी विचार रखे।
आत्मविश्वास की भावना विकसित होगी
इस अवसर पर कमांडेंट श्रीमती हिंगोनिया ने कहा कि इस अभियान से युवाओं में मजबूती, आत्मबल, आत्मसुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना विकसित होगी। अपराध मुक्त, सशक्त युवा पीढ़ी बनने से देश के लिए मजबूत और सुरक्षित भविष्य की बुनियाद का निर्माण हो सकेगा। कमांडेंट श्रीमती हिंगोनिया ने कार्यक्रम की सार्थकता और उपयोगिता बताते हुए कहा कि किस तरह से एक आम इंसान और बच्चों के सुरक्षित जीवन में सुरक्षा चक्र कार्यक्रम की विधाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती हैं।
मजबूत विधाओं की जानकारी दी
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत स्कूली विद्यार्थियों को निःशुल्क आत्मरक्षा जुडो कराटे, मार्शल आर्ट आदि मजबूत विधाओं की जानकारी दी गई। वर्तमान तकनीकी युग में युवा वर्ग में जागरूकता के अभाव में किशोरों में बढ़ रहे अपराधों की जानकारी देकर जागरुक किया गया। साथ ही लड़ाई झगड़े, आत्महत्या, हत्या, बलात्कार, छेड़खानी, चोरी आदि अपराधों के प्रकार, कारण, परिणाम, प्रभाव व उनसे बचाव के उपायों और अपराध संबंधित कानूनों की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
पॉस्को एक्ट, जस्टिस जुवेनाइल एक्ट, आईटी एक्ट 2000, सायबर अपराध यातायात नियम, रैंगिग इत्यादि की जानकारी दी गई।


