USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)।महाजन थाना क्षेत्र स्थित साउथ कैंप महाजन फील्ड फायरिंग (MMFR) रेंज में ड्यूटी के दौरान एक सैनिक नायक मेजर सिंह की तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महाजन थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार नेपाल निवासी एवं वर्तमान में 184 डीएससी (रक्षा तथा सुरक्षा कोर) महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में तैनात राम बहादुर क्षेत्री ने बताया कि 5 जुलाई 2026 को सुबह करीब 7:30 बजे उनके साथी मेजर सिंह साउथ कैंप स्थित गार्ड पोस्ट टीसीपी-2 पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक चक्कर आया और वे गिर पड़े।
सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारी नायक प्रेमवीर सिंह एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे और मेजर सिंह को एमआई रूम ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें 184 मिलिट्री अस्पताल, सूरतगढ़ रेफर कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान मेजर सिंह की मृत्यु हो गई। मृतक मेजर सिंह (50) पुत्र अमरीक सिंह, निवासी दुत्तल, पोस्ट ऑफिस पटरन, जिला पटियाला (पंजाब) के रहने वाले थे तथा महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में नायक (जीडी) के पद पर कार्यरत थे।
पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 194 के तहत मर्ग दर्ज कर शव को 184 मिलिट्री अस्पताल, सूरतगढ़ की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई शेष है। मामले की जांच महाजन थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।


