Samachar Seva

Mission Patrkarita

सोने चांदी के आभूषण रखी तिजोरी उठा ले गए छह चोर

Six thieves took away the safe containing gold and silver jewelery

USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा) सोने चांदी के आभूषण रखी तिजोरी उठा ले गए छह चोर, जिले के गजनेर थाना क्षेत्र के मुख्‍य बाजार की एक सुनार की दुकान करणी ज्‍वैलर्स से अज्ञात छह नकाबपोश चोर लगभग डेढ़ लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने रखी तिजोरी उठाकर ले गए।

वारदात स्‍थल से 37 किमी दूर खाली तिजोरी बरामद हो गई। चोरी की यह घटना सुनार की दुकान के सीसीटीवी में कैद हो गई इस कारण चोरों की संख्‍या के बारे में पता चल सका। चोरों ने पहले तिजोरी से गहने चुराने की कोशिश की मगर जब वे तिजोरी खोल नहीं सके तो वे तीन क्विंटल भारी इस तिजोरी को उठाकर ही अपने साथ ले गए।

गहनो की दुकान के मालिक तेजकरण सोनी ने इस संबंध में छह अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। तेजकरण के अनुसार चोरी की यह वारदात शुक्रवार-शनिवार की रात डेढ़ से दो बजे के बीच की है।  उसे चोरी की जानकारी सुबह पांच बजे मिली।

हालांकि सोनी का मकान दुकान के एकदम पास ही है मगर उसे रात को चोरी की घटना की जानकारी नहीं हो सकी थी। किसी ट्रक ड्राइवर ने सुनार को सूचना दी कि उसकी दुकान के ताले टूटे हुए हैं तब तेजकरण ने पुलिस को इसकी सूचना दी।

सुनार के अनुसार तिजोरी में 240 नग चांदी की अंगूठी, 240 नग चांदी की बिछुडी, एक सोने का नेकलेस और चांदी का गलपटिया समेत कुछ डॉक्युमेंट थे।