Samachar Seva

Mission Patrkarita

सुरक्षित यातायात व सड़क सुरक्षा परिवहन विभाग की प्राथमिकता- अनिल पंड्या

आरटीओ कार्यालय ने बीकानेर में चार माह में काटे 11 हजार 572 चालान

पांच हजार ड्राइविंग लाईसेंस व ढाई हजार वाहनों के रजिस्ट्रेशन किए सस्पेंड

MAHENDRA SINGH SHEKHAWAT  बीकानेर, (समाचार सेवा)।  परिवहन विभाग ने बीकानेर रीजन में 11 हजार 572 चालान कर वाहन चालकों को तरीके से पूरी फिटनेस के साथ वाहन चलाने का संदेश दिया है। बीकानेर संभाग के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) अनिल पंड्या ने बीकानेर के पत्रकार नीरज जोशी को बताया कि विभाग द्वारा इस वर्ष अप्रैल से जुलाई तक विभाग ने 2500 वाहनों के रजिस्ट्रेशन सस्पेंड किए हैं। साथ ही करीब 5 हजार वाहन चालकों के लाइसेंस भी सस्पेंड किए हैं। आरटीओ ने बताया कि क्षेत्र में ओवरलोड चलने के आदतन 8 हजार वाहनों को भी नोटिस जारी किए गए हैं।

उन्‍होंने कहा कि दुर्घटनाओं का कारण बनने वाली परिस्थितियों को टालते हुए परिवहन विभाग के नियमों की पालना कर जीवन बचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी पंड्या ने दुर्घटना नियंत्रण एवं नशा कर के वाहन चलाने की प्रवृत्ति के संबंध में कहा कि वाहन चलाना बहुत बड़ी जिम्मेदारी का कार्य है जिसे समस्त कायदों की पालना करते हुए चलाना चाहिए, उन्होनें युवाओं को गति के रोमांच एवं नशा कर के वाहन चलाने की बढ़ रही प्रवृति से सचेत रहने का आह्वान किया।

पशुओं को रेडियम बेल्ट लगवा कर दुर्घटनाओं को रोकने के प्रयास

पंड्या ने बताया कि विभाग द्वारा सड़कों पर विचरण करने वाले पशुओं को रेडियम बेल्ट लगवा कर दुर्घटनाओं को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं जिसमें विभिन्न संगठनों का सहयोग लिया जा रहा है। आरटीओ ने कहा कि शहरी क्षेत्र में दिन के समय खुले विचरण करने वाले पालतू पशुओं को भी उनके मालिकों द्वारा नियंत्रित किया जाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

पंड्या ने बताया कि सर्वाधिक पशु दुर्घटना वाला क्षेत्र श्री डूंगरगढ़ बीकानेर के मध्य है जहां अभियान चला कर पशुओं के गले में रेडियम वाले बेल्ट लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जन साधारण को विभाग के नियमों, आयामों एवं कायदों की जानकारी हो इसके लिए विशेष अभियान चला कर विभाग प्रशिक्षण देने के कार्य भी करता है।उन्होंने बताया कि वाहन चलान अनुज्ञप्ति जारी करने से पूर्व बाकायदा गहन परीक्षण किया जा कर निर्धारण किया जाता है।