USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। नयाशहर थाना पुलिस ने साइबर फ्रॉड की शिकार एक युवती के पूरे 10 हजार रुपये वापस दिलाकर उसे राहत पहुंचाई है। पुलिस ने रामगेट के अंदर चौखुंटी निवासी राखी सुथार की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की। एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायत के आधार पर संबंधित बैंकों से समन्वय स्थापित कर संदिग्ध खातों में स्थानांतरित 10 हजार रुपये की राशि को समय रहते होल्ड कराया गया।
आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूरी राशि पीड़िता के बैंक खाते में रिफंड कर दी गई। यह कार्रवाई थानाधिकारी सुश्री कविता पुनिया के नेतृत्व में की गई।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर धोखाधड़ी की किसी भी घटना पर घबराने के बजाय तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930, साइबर पोर्टल अथवा निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
समय पर की गई शिकायत से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है। कार्रवाई में साइबर हेल्प डेस्क के कांस्टेबल अमर सिंह और कांस्टेबल ओमप्रकाश का विशेष योगदान रहा।
छतरगढ़ पुलिस ने 12 बोर बंदूक सहित आरोपी दबोचा
USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। छतरगढ़ थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध 12 बोर बंदूक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से हथियार के स्रोत और उसके उपयोग को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस टीम ने सादोलाई निवासी बरियाम खां (46) पुत्र अलीशेर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध 12 बोर बंदूक बरामद की।
आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत छतरगढ़ थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी नवनीत सिंह, उपनिरीक्षक रामचरण, कांस्टेबल पारसराम, कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह तथा चालक मंगल सिंह शामिल रहे।


