Samachar Seva

Mission Patrkarita

नयाशहर थाना पुलिस ने क्षेत्र की सुरक्षा सखियों से मांगा ये सहयोग

Nayashahar police sought this cooperation from the area's 'Suraksha Sakhis'.

USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। नयाशहर थाना प्रभारी कविता पुनिया ने सुरक्षा सखियों से समाज में शांति और सौहार्द का वातावरण बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है। थानाधिकारी शुक्रवार को थाना परिसर में आयोजित सुरक्षा सखी की बैठक को संबोधित कर रही थीं। उन्‍होंने बताया कि बैठक का उद्देश्य आगामी त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति, कानून-व्यवस्था एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखना है।

साथ ही बताया कि ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन और पुलिस के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत किया जा रहा है, जिससे आगामी त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें। बैठक में थाना क्षेत्र की सुरक्षा सखियों को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि सभी समुदायों के लोग आपसी भाईचारे और सद्भावना के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या वैमनस्य फैलाने वाले तत्वों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

जिम्मेदारी से हो सोशल मीडिया का उपयोग

उन्होंने बैठक के दौरान सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। उपस्थित महिलाओं को समझाइश दी गई कि आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की फोटो, वीडियो, पोस्ट अथवा रील को सोशल मीडिया पर साझा या प्रचारित न करें तथा ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक करते हुए ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी।

दी नशा मुक्ति अभियान की जानकारी

इसके अलावा नशा मुक्ति अभियान की जानकारी देते हुए समाज से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग की अपील की गई। बैठक में महिला अत्याचार, बाल अपराध तथा कमजोर वर्गों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम और जागरूकता पर भी विस्तार से चर्चा की गई।