Samachar Seva

Mission Patrkarita

दुष्कर्मी और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने वाला शंकरलाल गिरफ्तार

उषा जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा) वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जसरासर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाने की टॉप-10 सूची में शामिल दुष्कर्म के एक आरोपी शंकरलाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पीड़िता को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने तथा अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लगातार दुष्कर्म करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार इस संबंध में 26 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। रिपोर्ट के आधार पर जसरासर थाने में पोक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। विशेष अभियान के तहत जसरासर थाना पुलिस ने आरोपी शंकरलाल पुत्र मुरलीराम, उम्र 29 वर्ष, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से भाणेका, पुलिस थाना हदां, जिला बीकानेर का निवासी बताया गया है और वर्तमान में सिणियाला, थाना जसरासर क्षेत्र में रह रहा था।

कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा तथा वृत्ताधिकारी नोखा जर्नेल सिंह के सुपरविजन में की गई। जसरासर थानाधिकारी राकेश स्वामी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले में आगे अनुसंधान जारी है।