Loading Now

updates

बीकानेर में दिखाई दे सकता है जेफरी एपस्‍टीन का भूत!

डोनाल्‍ड ट्रंप व नेतन्याहू के साथ “फ़ागणिया फुटबॉल” मैच में भाग लेगा एपस्टीन

धरणीधर खेल मैदान में “फ़ागणिया फुटबॉल” मैच शनिवार को

NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। दुनियाभर में अब अपने कुकर्मों से पहचाने जाने वाले यौन अपराधी दिवंगत जेफरी एपस्‍टीन का भूत शनिवार 28 फरवरी को बीकानेर के धरणीधर खेल मैदान में दिख सकता है। बताया जा रहा है कि एपस्‍टीन का भूत बीकानेर में होली के अवसर पर होने वाले “फ़ागणिया फुटबॉल” मैच के दौरान खेल मैदान के चक्‍कर लगाते हुए दुनियाभर के बड़े राजनेताओं, अभिनेताओं व ब्‍यूरोक्रेटस की बची खुची रंगीन पन्‍नों की फाइलें बिखेर सकता है। पत्रकार नीरज जोशी के अनुसार इस सूचना के सार्वजनिक होने के बाद से दुनियाभर की खुफिया एजेंसियों की नजर बीकानेर पर है।

थोड़ा थमिये, पूरा समाचार इस प्रकार है कि बीकानेर में होली के अवसर पर मस्‍ती भरे माहोल में होने वाले “फ़ागणिया फुटबॉल” मैच में स्‍थानीय लोग दुनियाभर के मशहूर लोगों के स्‍वांग रचकर फुटबॉल खेलते हैं। इस बार यह मैच शनिवार 28 फरवरी की शाम 5 बजे शुरू होगा। इस मैच में शामिल होने के लिये लिये बाकायदा ऐसे लोगों को आवेदन भी देना पड़ता है। इन्‍ही आवेदनों में आयोजकों को जब से जेफरी एपस्‍टीन के भूत के रूप में शामिल होने के लिये कुछ लोगों का आवेदन मिला है तब से समिति सदस्‍य इस कशमकश में हैं कि एप्‍स्‍टीन के स्‍वांग धरने वाले लोगों को अनुमति दें या ना दें। समिति सदस्‍य इस पर चर्चा कर रहे हैं कि यौन अपराधी के रूप में दुनियाभर में गालियां खा रहा एपस्‍टीन “फ़ागणिया फुटबॉल” मैच में क्‍या नए गुल खिला सकता है।

लाखों फाइलों के साथ आएगा जेफरी एप्‍स्‍टीन का भूत  

फागणिया फुटबॉल आयोजन समिति के अध्‍यक्ष कन्हैयालाल रंगा ने बताया कि “फ़ागणिया फुटबॉल” मैच में पूरे संसार में अपनी कथित फाइलों से दुनिया के सर्वोच्‍च नेताओं की सांसे अटका देने वाला जेफरी एप्‍स्‍टीन का भूत लाखों फाइलों के साथ में संसार के कुछ और दिग्गजों की करतूत को उजागर करने के लिए अवतरित हो सकता है। उसे रोका नहीं जा सकता। रंगा ने बताया कि फागणिया फुटबॉल मैच विचित्र वेशभूषा पहनी स्त्रियों की टीम तथा नेताओं, अभिनेताओं, देवताओं व राक्षसों के स्‍वांग धरे पुरुषों की टीम के बीच में होगा। अब इसमें एप्‍सटीन के भूत को भी शामिल किया जा सकता है।

चुनिंदा टीमों को ही मिलेगी मैच में भाग लेने की अनुमति  

समिति के सचिव सीताराम कच्छावा ने बताया कि इस मैच हेतु अब तक अनेक प्रविष्टियां प्राप्त हुई। इनमें से समिति की कसौटी पर खरी उतरी चुनिंदा टीमों को ही मैच में भाग लेने की अनुमति दी जाएगी। उन्‍होंने बताया कि मैच खेलने वाले विश्‍व के प्रमुख राष्‍ट्राध्‍यक्षों में विश्व राजनीति के खलबली मचाने वाले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, इसराइल के प्रधानमंत्री नेतान्याहू, बिल गेटस, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लात से लात मिलाकर गोल दागेंगे।

कई सीएम व पूर्व सीएम भी खेलेंगे फुटबॉल

मैच में शामिल होने वाले देश के प्रमुख नेताओं में उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्‍थान की पूर्व मुख्‍यमंत्री वसुंधरा राजे, राहुल गांधी, राजस्‍थान के मुख्‍य मंत्री भजनलाल सहित फिल्मी सितारों में दीपिका पादुकोण, कंगना राणावत, कैटरीना कैफ, आलिया भट्ट, रणवीर कपूर, रितिक रोशन, सलमान खान के स्‍वांग रचने वाले लोगों के आवेदन भी प्राप्‍त हुए हैं। मैच में देवी देवताओं में भगवान शंकर, भगवान गणेश व साईं बाबा इत्यादि के स्वांग बनकर लोग शामिल होंगे।

महिला बने खिलाड़ियों को मिलेगा विशेष पुरस्कार

मैच में महिला का स्वांग बनकर खेलने वाले खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक यह स्‍पष्‍ट नहीं हो सका कि एपस्टीन की लंबे समय से प्रेमिका रहीं घिसलेन मैक्सवेल के स्‍वांगधारी को मैच खेलने की अनुमति मिलेगी या नहीं।

 

 

Share this content:

You May Have Missed