Samachar Seva

Mission Patrkarita

भोजन को बर्बाद न करने का संकल्प लेना बहुत जरूरी – डॉ. ऋचा पंत

It is very important to take a pledge not to waste food - Dr. Richa Pant

बीकानेर, (समाचारसेवा)। भोजन को बर्बाद न करने का संकल्प लेना बहुत जरूरी – डॉ. ऋचा पंत, कृषि विज्ञान केंद्र लूणकरनसर की खाद्य एवं पोषण वैज्ञानिक डॉ. ऋचा पंत ने कहा कि आज के समय में भोजन को बर्बाद न करने का संकल्प लेना बहुत जरूरी हो गया है।

ऐसा करके हम भुखमरी से पीडित लोगों की बेहतर मदद कर सकेंगे। डॉ. ऋचा विश्व खाद्य दिवस पर शनिवार को कृषि विज्ञान केंद्र तथा पशु विज्ञान केंद्र लूणकरणसर की ओर से आयोजित समारोह को संबोधित कर रही थी।

उन्‍होंने कहा कि विश्व में आज भी करोड़ों लोग भुखमरी के शिकार हैं, जिनमें लगभग 23 फ़ीसदी लोग भारत में रहते हैं। कार्यक्रम में 25 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। डॉ. ऋचा ने कहा कि ‘कृषि प्रधान’ देश भारत में लोग भूख के कारण अपनी जान गंवा रहे हैं यह अपने आप में सोचनीय विषय है।

देश में किसी भी विकासशील देश से ज्यादा कृषि योग्य भूमि है, लेकिन कृषि के साधन और कृषि करने वालों के लिए पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। डॉ. पंत ने बताया कि इस वर्ष यह दिवस ‘खाद्य सुरक्षा और पोषण के लिए सतत खाद्य प्रणाली’ को ध्यान में रखकर मनाया जा रहा है।

केंद्र के मृदा वैज्ञानिक भगवत सिंह ने फसलों के जैविक उत्पादन के विषय में जानकारी दी, ताकि कीटनाशकों के प्रयोग से होने वाली बीमारियों से बचा जा सके। पशु विज्ञान केंद्र लूणकरणसर के डॉ. प्रमोद मोहता ने विभिन्न पशु उत्पादों दूध, अंडा, मांस आदि को प्रोटीन का बेहतरीन स्त्रोत बताया।