बीकानेर, (समाचार सेवा)। दम्माणी चौक बनेगा पर्यटन मोहल्ला, सजेंगी स्वादिष्ट व्यंजनों की दुकानें!, शहर में आये दिन नवाचार करने वाले युवा कलक्टर कुमार पाल गौतम की योजना सफल होती है तो शहर का ऐतिहासिक दम्माणी चौक जल्द ही पर्यटन मोहल्ले के रूप में विकसित हो सकेगा। यहां पर्यटकों के लिये स्वादिष्ट देशी व्यंजनों की दुकानें सजेंगी। बीकानेर की विश्व प्रसिद्ध पाटा संस्कृति को भी देश विदेश से आने वाले पर्यटक साक्षात देख सकेंगे।
जिला कलक्टर कुमार पाल गौतम ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक में पर्यटन मोहल्ला विकसित करने की अपनी योजना की जानकारी दी। जिला कलक्टर ने कहा कि पर्यटन विभाग को शहर के अंदरूनी भाग में किसी एक मोहल्ले का चयन कर उसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित करना चाहिये। इसके लिए उन्होंने सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के उपनिदेशक विकास हर्ष को दम्माणी चौक में स्थानीय लोगों से बातचीत कर सहमति व सहयोग के लिए वातावरण तैयार करने को कहा।



