नीरज जोशी, बीकानेर (समाचार सेवा)। क्षेत्र के विकास के लिये कांग्रेस नेता नसीम बानो ने कलेक्टर व बीडीए आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, बीकानेर नगर निगम चुनाव में उप महापौर की कांग्रेस की प्रत्याशी रही तथा वार्ड 66 की पार्षद नसीम बानो ने जिला कलेक्टर बीकानेर निशांत जैन तथा बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) की आयुक्त स्नेहल धायगुड़े नाना को ज्ञापन सौंपकर शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र फड़ बाजार, केईएम रोड, भैरूंजी गली और मुगल चौक क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत, मुख्य नाले के निर्माण और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करवाने की मांग की है। इसके साथ ही पार्षद नसीम बानो ने रतन बिहारी पार्क के जीर्णोद्धार, बच्चों के लिए सुरक्षित खेल क्षेत्र और महिलाओं के लिए सुलभ कॉम्प्लेक्स बनाने का भी आग्रह किया गया है।
फड़ बाजार में सड़क और नाला निर्माण की मांग
ज्ञापन के अनुसार फड़ बाजार, केईएम रोड, भैरूजी गली एवं मुगल चौक क्षेत्र शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में शामिल हैं। यहां बड़ी संख्या में व्यापारी, ग्राहक और आम नागरिक आवागमन करते हैं। सड़कों की खराब स्थिति और जल निकासी की समस्या के कारण स्थानीय व्यापारियों तथा नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पार्षद नसीम बानो ने मांग की है कि संबंधित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करवाकर क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, नई सड़कों का निर्माण और आवश्यकता के अनुसार मुख्य नाले व नालियों का निर्माण कराया जाए। सड़क निर्माण के साथ जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करवाने का आग्रह
ज्ञापन में संबंधित अधिकारियों से तकनीकी सर्वे करवाने, आवश्यक स्वीकृतियां जारी करने, बजट आवंटित करने और कार्यादेश जारी कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करवाने का आग्रह किया गया है। दूसरे ज्ञापन में रतन बिहारी पार्क की वर्तमान स्थिति में सुधार कर इसे व्यवस्थित एवं सुविधायुक्त सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि पार्क बीकानेर की ऐतिहासिक पहचान और सार्वजनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके संरक्षण के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना आवश्यक है। पार्क में तकनीकी सर्वे करवाकर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत, नियमित रखरखाव, हरित क्षेत्र के विकास और आवश्यक नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था करने की मांग की गई है। पार्क की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
बच्चों के लिए सुरक्षित खेल क्षेत्र
ज्ञापन में बच्चों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित खेल क्षेत्र विकसित करने की मांग की गई है। इसके अंतर्गत आवश्यकतानुसार झूले, खेल उपकरण, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षित आवागमन की सुविधाएं विकसित करने का आग्रह किया गया है, ताकि बच्चों और परिवारों को पार्क में बेहतर वातावरण मिल सके। पार्क की सुविधाओं के साथ महिलाओं की जरूरतों को भी प्राथमिकता देने की मांग की गई है। ज्ञापन में महिलाओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक सुलभ कॉम्प्लेक्स बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। इसमें पर्याप्त पानी, उचित प्रकाश व्यवस्था, नियमित सफाई और सुरक्षा संबंधी सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
प्राथमिकता देने का आग्रह
केईएम रोड, भैरूंजी गली और खजांची मार्केट सहित आसपास के बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाली महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस मांग को प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया है।नसीम बानो ने दोनों ज्ञापनों में संबंधित अधिकारियों से स्थलीय निरीक्षण, तकनीकी सर्वे, आवश्यक बजट स्वीकृति और कार्यों की समयसीमा निर्धारित करने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क, नाला, जल निकासी और पार्क से जुड़ी सुविधाओं का विकास होने से व्यापारियों, ग्राहकों, महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों को राहत मिलेगी तथा क्षेत्र की व्यवस्था बेहतर हो सकेगी।
















