नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। बिरजा राम भील और जवाना राम नायक ने लिया देहदान का संकल्प,सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज में लंबे समय तक सेवाएं दे चुके बिरजा राम भील तथा कृष्णा पेट्रोल पंप, पूगल रोड से जुड़े जवाना राम नायक ने देहदान का संकल्प लिया है।
दोनों ने देहदान संबंधी संकल्प प्रपत्र भरकर शरीर रचना विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश मणि को सौंपे। चिकित्सा शिक्षा में देहदान का विशेष महत्व है। मेडिकल विद्यार्थियों को मानव शरीर की संरचना को गहराई से समझने, व्यावहारिक चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने तथा विभिन्न प्रकार के चिकित्सकीय अनुसंधान में देहदान महत्वपूर्ण आधार प्रदान करता है।
बिरजा राम भील और जवाना राम नायक का यह निर्णय इसी सामाजिक चेतना को आगे बढ़ाने वाला कदम है। दोनों का देहदान संकल्प समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया है और यह संदेश देता है कि मानव सेवा की भावना जीवन के बाद भी कायम रह सकती है।
















