बीकानेर समाचार शनिवार 19 मार्च 2022

Dr. Kalla performed folk songs with the beat of Chang
Dr. Kalla performed folk songs with the beat of Chang

चंग की थाप के साथ डॉ. कल्ला ने प्रस्तुत किए लोकगीत

बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर समाचार शनिवार 19 मार्च 2022, शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने गुरुवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होली स्नेह मिलन कार्यक्रमों में शिरकत की। इस दौरान डॉ. कल्ला ने चंग की थाप के साथ लोकगीत प्रस्तुत किए।

डॉ. कल्ला ने मोहता चौक में संस्कृति पाटा पर आयोजित कार्यक्रम में भागीदारी निभाई। इस दौरान ओम प्रकाश जोशी, नवरत्न व्यास, किशन ओझा, राज कुमार जोशी, पार्षद दुर्गादास छंगाणी, कपिल देव जोशी, कमल कल्ला, बंशीलाल आचार्य, मनोज सेवग, विक्रम पुरोहित सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

डॉ. कल्ला ने यहां भगवान भैरवनाथ और मां दुर्गा की पूजा अर्चना की। नगर निगम के पार्षदों द्वारा गोपेश्वर बस्ती क्षेत्र में होली स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री डॉ. बी डी कल्ला थे।

इस दौरान अंजना खत्री, जावेद पडिहार, शांतिलाल मोदी, आजम अली, मनोज जनागल, नंदलाल जावा, रफीक शहजाद सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे।

शिक्षा मंत्री ने सुनी आमजन की समस्‍यायें

बीकानेर, (समाचार सेवा)। शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने पवनपुरी स्थित अपने आवास पर आमजन से मुलाकात की तथा उनकी समस्याएं सुनी। विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुरानी पेंशन योजना प्रारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया और शिक्षा मंत्री डॉ. कल्ला का स्वागत किया।

डॉ. कल्ला ने डागा चौक स्थित कार्यालय में भी आमजन से मुलाकात की। इस दौरान शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के कार्मिकों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर डॉ. कल्ला का स्वागत किया गया। इस अवसर पर जनार्दन कल्ला, कन्हैया लाल कल्ला, जिया उर रहमान, बंशीलाल आचार्य आदि मौजूद रहे। धुलंडी के दूसरे दिन भी शिक्षा मंत्री से मिलने बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही पहुंचे।

आमजन ने शिक्षा मंत्री डॉ.कल्ला के समक्ष अपनी समस्याएं रखी, जिनके समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

शिक्षा मंत्री ने किया जागती जोत का विमोचन

बीकानेर, (समाचार सेवा)। कला, साहित्य, संस्कृति व शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने गुरुवार को अपने पवनपुरी स्थित निवास स्थान पर राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी की मुखपत्रिका ‘जागती जोत’ के मार्च माह के अंक का विमोचन किया।

अकादमी सचिव शरद केवलिया ने बताया कि जागती जोत के इस विशेषांक में होली संबंधित विशेष आलेख, कथा, कविता, दोहे आदि प्रकाशित किए गए हैं। इस अवसर पर डॉ. कल्‍ला ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण आमजन गत दो वर्ष से होली का त्योहार पूर्ण उत्साह से नहीं मना पाए थे, पर इस बार लोगों में उल्लास-उमंग है।

उच्च माध्यमिक विद्यालय श्रीरामसर का वार्षिक उत्सव

बीकानेर, (समाचार सेवा)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्रीरामसर का वार्षिकोत्सव, पूर्व विद्यार्थी सम्मेलन और भामाशाह सम्मान समारोह शनिवार को रामदेव मंदिर परिसर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला थे।

शिक्षा मंत्री ने विद्यालय में 4 बड़े कक्ष निर्माण के लिए 40 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की तथा प्राथमिकता और आवश्यकता के आधार पर की यहां नया संकाय प्रारंभ करने का विश्वास दिलाया।

कार्यक्रम लालेश्वर महादेव मंदिर के अधिष्ठाता स्वामी विमर्शानंद महाराज के सान्निध्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान 9 भामाशाहों तथा 34 पूर्व विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। प्रधानाचार्य सुनीता टाक ने स्कूल का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

नख़्लेसहरा तथा बनके ख़ुश्बू बिखर गया कोईग़ज़ल संग्रह का लोकार्पण

बीकानेर, (समाचार सेवा)। उर्दू शाइर मौलाना अब्दुल वाहिद ‘अशरफ़ी’ के दो ग़ज़ल संग्रहों नख़्ले-सहरा तथा ‘बनके ख़ुश्बू बिखर गया कोई’ का लोकार्पण शनिवार को मुख्‍य अतिथि शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्‍ला ने किया।

अदब-सराय द्वारा स्थानीय नरेंद्र सिंह ऑडिटोरियम में आयोजित लोकाप्रण समारोह में अब्दुल वाहिद अशरफ़ी ने दोनों लोकार्पित कृतियों में से चुनिंदा कलाम पेश कर किए। समारोह में विशिष्ट अतिथि साहित्‍यकार कमल रंगा व यूआईटी के पूर्व अध्यक्ष हाजी मक़सूद अहमद रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जयपुर के समालोचक डॉ. मोहम्मद हुसैन ने की। समारोह में आयोजक कासिम बीकानेरी, डॉ.ज़ियाउल हसन क़ादरी, गायक अनवर अजमेरी, नेमचंद गहलोत ने भी विचार रखे। मोहम्मद इस्हाक़ गौ़री ने आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन इरशाद अज़ीज़ ने किया।

डॉ. आचार्य को राइजिंग स्टार इन एशिया सम्मान

बीकानेर, (समाचार सेवा)। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के दंत चिकित्सा विभाग के डॉ. जितेंद्र आचार्य को जापानी सोसायटी ऑफ मेडिकल ऑंकोलॉजी की ओर से राइजिंग स्टार इन एशिया 2022 अवार्ड दिया गया है।

इसके तहत डॉ. आचार्य हो 1 लाख जापानी येन तथा प्रमाण पत्र दिए गए हैं। शनिवार को यह प्रमाण पत्र प्राप्त होने पर सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद सलीम तथा दंत विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रंजन माथुर ने डॉ आचार्य को यह प्रमाण पत्र प्रदान किया।

ऊर्जा मंत्री ने किया टीन शेड का लोकार्पण

बीकानेर, (समाचार सेवा)। ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने शनिवार को देशनोक के गोपी बाई तापड़िया बालिका राजकीय उच्च प्राथमिक संस्कृत विद्यालय में दीपचंद बोथरा की स्मृति में बनाए गए टीन शेड के लोकार्पण तथा शौचालय के शिलान्यास किया।

इस दौरान नगर पालिका देशनोक के चेयरमैन ओम प्रकाश मूंधड़ा, नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष प्रियंका चारण, श्री करणी मंदिर न्यास के अध्यक्ष गिर्राज सिंह बारठ और शाला की प्रधानाध्यापिका वंदना, राजकीय बालिका  माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य उर्मिला चारण, पार्षद गजानंद स्वामी, जगदीश प्रसाद शर्मा, लक्ष्मण दान आदि उपस्थित थे।

आमजन से रूबरू हुए ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी

बीकानेर, (समाचार सेवा)। ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने शनिवार को अपने आवास पर आम जन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं दी।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अप्रैल, मई और जून में गर्मी के दौरान प्रत्येक व्यक्ति को पर्याप्त बिजली मिले, इसके प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान मंत्री भाटी ने आमजन की समस्याएं सुनी तथा इनके समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

देशनोक में विकास कार्यों का लोकार्पण

बीकानेर, (समाचार सेवा)। ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने शनिवार को देशनोक में 209 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण किया और 121 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों की आधारशिला रखी।

ऊर्जा मंत्री ने नगर पालिका द्वारा कराए गए विकास कार्यों में शिव पार्क में ओपन जिम, पोस्ट ऑफिस के पास आधुनिक शौचालय, तापड़िया स्कूल में शौचालय निर्माण, वार्ड नम्बर 14 में बड़ा गुवाड़ सीसी सड़क का लोकार्पण किया।

इसके अलावा उन्होंने नगर पालिका में 30 परिवारों को पुश्तैनी आवासीय पट्टों का वितरण किया।