Samachar Seva

Mission Patrkarita

भाटी की एंट्री से कईयों पर मंडराया एग्जिट का खतरा

devisingh bhati

नगर निगम चुनाव 2019

बीकानेर, (समाचार सेवा)। भाटी की एंट्री से कईयों पर मंडराया एग्जिट का खतरा, नगर निगम चुनाव को लेकर राज्य के पूर्व सिंचाई मंत्री देवीसिंह भाटी सक्रिय हुए हैं। भाजपा से निष्कासित चल रहे देवी सिंह भाटी अपने सामाजिक न्याय मंच के बैनर तले प्रत्याशी उतारेंगे। भाटी की सक्रियता से कांग्रेस-भाजपा का टिकट पाकर पार्षद बनने की सोचने वाले कई उम्मीदवारों को तगड़ा झटका लगा है।

दैनिक नवज्‍योति बीकानेर संस्‍करण

भाटी ने बुधवार को मीडियाकर्मियों से बातचीत में बताया कि वे सामाजिक न्याय मंच के बैनर तले अपने प्रत्याशी नगर निगम चुनाव मैदान में उतारेंगे। भाटी का कहना था कि भारतीय जनता पार्टी की खिलाफत उन्होंने खुद ने की थी मगर इसका खमियाजा कार्यकर्ताओं को भी भुगतना पड़े यह मंजूर नहीं। यही कारण है कि कार्यकर्ताओं व समर्थकों को पहले की तरह सामाजिक न्याय मंच के बैनर तले निगम के चुनाव में पार्षद प्रत्याशी बनाया जायेगा।

कहा यह भी जा रहा है कि कोलायत विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की प्रत्याशी रही पूनम कंवर जो कि देवीसिंह भाटी की पुत्रवधु भी हैं उनको महापौर बनाने के इरादे से निगम चुनाव में सामाजिक न्याय मंच के माध्यम से प्रत्याशी उतारे जा रहे हैं। नगर निगम चुनाव में देवीसिंह भाटी की एंट्री से  कांग्रेस-भाजपा के भी चुनावी समीकरण गड़बड़ा गए हैं।  भाजपा की स्थानीय निकाय चुनाव संचालन समिति की बैठक गुरुवार 31 अक्टूबर को है।

पार्टी के जिलाध्यक्षों की बैठक भी 1 नवम्बर को होगी। इस बैठक में प्रत्याशियों पर निर्णय होना था। भाटी की घोषणा के बाद भाजपा असमंजस में है कि भाटी गुट के उम्मीदवारों को टिकटार्थियों की सूची में शामिल किया जाए या नहीं।