Loading Now

updates

सीकर में सेना भर्ती रैली 1 अक्टूबर से, 13 हजार अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका

Army recruitment rally in Sikar starts October 1; 13,000 candidates to get an opportunity

नीरज जोशी, जयपुर (समाचार सेवा)। राजस्थान के युवाओं के लिए भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। जयपुर स्थित भर्ती कार्यालय (मुख्यालय) द्वारा आयोजित राजस्थान राज्य की तीसरी सेना भर्ती रैली 1 अक्टूबर 2026 से जिला स्टेडियम, सीकर में आयोजित होगी। जन संपर्क अधिकारी (रक्षा) राजस्थान ले कर्नल निखिल धवन ने बताया कि  इस भर्ती रैली में जयपुर और सीकर जिलों के पात्र अभ्यर्थी विभिन्न अग्निवीर श्रेणियों में भाग लेंगे, जबकि अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल की केंद्रीय श्रेणी के लिए राज्य के सभी 41 जिलों के अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा।

भर्ती कार्यालय (मुख्यालय) के अनुसार वर्ष 2026 की सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) में शामिल हुए लगभग 13 हजार अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट के आधार पर भर्ती रैली के लिए आमंत्रण पत्र जारी किए जाएंगे। चयनित अभ्यर्थियों को अग्निवीर (जनरल ड्यूटी), अग्निवीर (टेक्निकल), अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं पास) श्रेणियों के लिए शारीरिक दक्षता एवं अन्य निर्धारित परीक्षणों में भाग लेना होगा।

भर्ती रैली का आयोजन मुख्यालय भर्ती क्षेत्र, जयपुर, मुख्यालय दक्षिण-पश्चिमी कमान तथा सीकर जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा। सेना अधिकारियों का कहना है कि यह भर्ती अभियान राजस्थान के युवाओं को भारतीय सेना का हिस्सा बनने और राष्ट्र सेवा का अवसर प्रदान करेगा।

चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी

मुख्यालय भर्ती क्षेत्र, जयपुर ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वचालित है। किसी भी स्तर पर सिफारिश, दलाली या अनुचित माध्यमों का कोई स्थान नहीं है। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी दलाल या बिचौलिए के झांसे में न आएं और भर्ती के नाम पर किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से सतर्क रहें। सेना ने यह भी सलाह दी है कि अभ्यर्थी अपने मूल शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज किसी निजी प्रशिक्षण संस्थान, सिविल अकादमी या दलाल को न सौंपें। भर्ती प्रक्रिया के दौरान केवल अधिकृत भर्ती अधिकारी द्वारा मांग किए जाने पर ही दस्तावेज प्रस्तुत करें।

वेबसाइट से प्राप्त करें पूरी जानकारी

भर्ती से संबंधित पात्रता, कार्यक्रम, आवश्यक दस्तावेज और अन्य दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट देखने तथा आवश्यकता होने पर भर्ती कार्यालय (मुख्यालय), जयपुर से संपर्क करने की सलाह दी गई है। सेना अधिकारियों ने युवाओं से आग्रह किया है कि वे केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए भर्ती रैली में शामिल हों। इससे पारदर्शी चयन सुनिश्चित होगा और योग्य अभ्यर्थियों को भारतीय सेना में सेवा का अवसर प्राप्त होगा।

Share this content:

You May Have Missed