Samachar Seva

Mission Patrkarita

केबल चोरी के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, 10 किलो डीसी केबल बरामद

USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)।  पुलिस थाना गजनेर ने चोरी के एक प्रकरण का त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी आशु राम ओड़ को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 किलोग्राम डीसी केबल बरामद की है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

थानाधिकारी गजनेर के अनुसार 28 मई 2026 को परिवादी भागीरथ सिंह पुत्र प्रभुसिंह राजपूत निवासी आदर्श कॉलोनी, कोलायत ने गांव मोडिया मानसर से डीसी केबल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस थाना गजनेर में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक राकेश कुमार को सौंपी गई।

थानाधिकारी ओमप्रकाश सुथार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए 5 जुलाई को आरोपी आशु राम ओड़ पुत्र पारस राम, निवासी वार्ड संख्या 10, कोडमदेसर, थाना गजनेर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी की गई 10 किलोग्राम डीसी केबल बरामद की है।

कोजू राम तथा किशोर पूर्व में ही गिरफ्तार 

इस प्रकरण में कोजू राम उर्फ सुमेराराम पुत्र लिछमण राम तथा किशोर पुत्र रामनारायण, निवासी कोडमदेसर, को पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। पुलिस कार्रवाई के लिये गठित टीम में थानाधिकारी ओमप्रकाश सुथार, उपनिरीक्षक राकेश कुमार, कांस्टेबल कालूराम तथा कांस्टेबल राकेश मीणा शामिल रहे।