Loading Now

updates

खनन पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम: आरएफआईडी प्रणाली अंतिम चरण में

महेंद्र सिंह शेखावत, बीकानेर, (समाचार सेवा)।  जिले में खनन क्षेत्र में पारदर्शिता लाने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से आरएफआईडी (रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन) आधारित हाईटेक प्रणाली का इंस्टॉलेशन अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत वे-ब्रिज (वजन मापक यंत्र) पहले ही इंस्टॉल किए जा चुके हैं तथा उनकी ऑनलाइन टेस्टिंग भी सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुकी है।

खनन विभाग के अधिकारियों के अनुसार आरएफआईडी सिस्टम के पूर्ण रूप से लागू होने के बाद खनिज परिवहन में होने वाली रोयल्टी चोरी और ओवरलोडिंग जैसी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा। इस प्रणाली के अंतर्गत खनिज परिवहन में लगे प्रत्येक वाहन पर आरएफआईडी टैग लगाया जाएगा, जिसे वे-ब्रिज और अन्य निगरानी उपकरण स्वतः स्कैन करेंगे। जैसे ही वाहन वे-ब्रिज से गुजरेगा, उसका वजन, समय, मार्ग और अन्य विवरण ऑनलाइन सिस्टम में दर्ज हो जाएंगे। इससे मानवीय हस्तक्षेप कम होगा और डेटा में हेरफेर की संभावनाएं लगभग समाप्त हो जाएंगी।

जीपीएस सिस्टम लगाए जाने की व्यवस्था

इसके साथ ही खनिज परिवहन वाहनों पर जीपीएस सिस्टम लगाए जाने की व्यवस्था भी की जा रही है। जीपीएस के माध्यम से वाहनों की रीयल टाइम मॉनिटरिंग संभव होगी, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि वाहन निर्धारित मार्ग से ही खनिज का परिवहन कर रहे हैं। यदि कोई वाहन तय मार्ग से हटता है या अनधिकृत स्थान पर रुकता है, तो इसकी जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों तक पहुंच जाएगी। यह व्यवस्था अवैध खनन और अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने में मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है।

 

Share this content:

You May Have Missed