डिग्गी में डूबने से दो व सर्पदंश से एक ने गंवाई जान
USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों के दौरान हुए अलग-अलग हादसों में एक 14 वर्षीय किशोरी सहित छह लोगों की अकाल मृत्यु हो गई। पुलिस ने सभी मामलों में बीएनएसएस (BNSS) की धारा 194 के तहत मर्ग दर्ज कर शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिए हैं।
बजरंग धोरा क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी ने लगाया फंदा:
एमपी नगर थाना क्षेत्र के पूगल रोड स्थित बजरंग धोरा के सामने रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी सुमन पुत्री भागीरथ नायक ने बुधवार शाम फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के ताऊ मामराज की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
खेतों में बनी डिग्गी में डूबने से दो की मौत
जिले में कृषि कार्य के दौरान खेतों में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से दो लोगों की जान चली गई। पहली घटना सेरूणा थाना क्षेत्र के सांवतसर गांव की है, जहां 40 वर्षीय गोपीराम पुत्र बेगाराम नायक की खेत की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। मृतक के पिता बेगाराम की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। वहीं, दूसरी घटना कालू थाना क्षेत्र के रोही कालू की है। यहां गुरुवार सुबह गायों को लेकर खेत गए अमरा राम पुत्र भंवरलाल जाट की खेत में बनी डिग्गी में डूबने से मृत्यु हो गई। इस संबंध में मृतक के पिता भंवरलाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
सर्पदंश से किसान की मौत
खाजूवाला थाना क्षेत्र के चक 23 बीडी में खेत में पानी लगाने गए एक किसान की जहरीले कीड़े (सांप) के काटने से मौत हो गई। मृतक के भाई जगदीश ने रिपोर्ट में बताया कि 40 वर्षीय भूपराम पुत्र बलदेव यादव (निवासी चक 24 बीडी) 21 जून की रात करीब 10 बजे खेत में पानी की बारी लगाने गया था। इसी दौरान उसे जहरीले जीव ने काट लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल लाया गया, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
अचानक तबीयत बिगड़ने से दो ने तोड़ा दम
गंगाशहर थाना क्षेत्र के भीनासर स्थित कुम्हारों का मोहल्ला निवासी 40 वर्षीय मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (MR) गोपाल पुत्र भंवरलाल कुम्हार की बुधवार शाम फील्ड में काम करते समय अचानक तबीयत बिगड़ गई। मृतक के भाई भरत ने बताया कि कुम्हारों की मोड़ के पास अचानक गोपाल को घबराहट हुई और शरीर में कंपन होने लगा। परिजन उसे तुरंत पीबीएम अस्पताल की इमरजेंसी में ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अचानक तबीयत बिगड़ गई
महाजन थाना क्षेत्र के सूई गांव निवासी 65 वर्षीय दुलाराम पुत्र औतार राम मेघवाल की अपने खेत में कृषि कार्य करते समय अचानक तबीयत बिगड़ गई। मृतक के पुत्र कैलाश ने बताया कि उन्हें पहले महाजन सीएचसी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद पीबीएम अस्पताल बीकानेर रेफर कर दिया गया। पीबीएम में इलाज के दौरान शाम करीब 7:30 बजे उनका निधन हो गया। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


