USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ‘ के तहत बीकानेर की मुक्ता प्रसाद नगर थाना पुलिस और एएनटीएफ (ANTF) टीम ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5400 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट (Alprazolam ds) बरामद की हैं।

यह कार्रवाई आईजी (बीकानेर रेंज) ओमप्रकाश (आईपीएस) और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के सप्लायरों और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और वृत्ताधिकारी (नगर) अनुज डाल के सुपरविजन में थानाधिकारी विजेन्द्र कुमार सीला के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। 22 जून को उपनिरीक्षक सुरेश कुमार भादु पुलिस जाप्ते के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान एएनटीएफ बीकानेर के प्रभारी और औषधि नियंत्रण अधिकारी की सटीक सूचना पर पुलिस ने दबिश दी।
किराए के मकान में रह रहा था आरोपी
दबिश के दौरान पुलिस ने आरोपी रविन्द्र सहारण (31) पुत्र हेतराम जाट को धर दबोचा। तलाशी में उसके पास से कुल 5400 प्रतिबंधित अल्प्राजोलम डीएस (Alprazolam ds) टैबलेट जब्त की गईं। आरोपी मूल रूप से 13/312 मुक्ताप्रसाद नगर का निवासी है और वर्तमान में मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र के महादेव नगर में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी रविन्द्र सहारण को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई में मुक्ता प्रसाद नगर थाने के सुरेश कुमार भादु, कांस्टेबल छगनलाल, गोमदराम और हेमसिंह की अहम भूमिका रही।
जांच कोतवाली एसएचओ को
इस मामले की आगे की जांच कोतवाली थानाधिकारी (पुलिस निरीक्षक) सविता डाल द्वारा की जा रही है। पुलिस आरोपी से इन नशीली गोलियों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।


