Loading Now

updates

खाजूवाला में 22 लाख रुपये की चोरी, 3 आरोपी गिरफ्तार, 13.35 लाख रुपये बरामद

 

USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर जिले की खाजूवाला थाना पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्यवाही करते हुए एक घर से हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदात का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों सोहनलाल, बुटासिंह और दुलीचंद नायक को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए 13 लाख 35 हजार रुपये की भारी-भरकम नकदी बरामद की है। शेष राशि और घटना में शामिल अन्य संभावित कड़ियों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

रात के अंधेरे में दिया था वारदात को अंजाम

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 जून 2026 को परिवादी गिरधारीराम मेघवाल, निवासी चक 17 बीडी, खाजूवाला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी ने बताया कि रात्रि के समय अज्ञात बदमाशों ने उनकी ढाणी में घुसकर एक संदूक के ताले तोड़े और उसमें रखे करीब 22 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज कर मौके का मुआयना किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

मुखबिर तंत्र से मिली सफलता

अनुसंधान अधिकारी एवं सहायक उप निरीक्षक (ASI) श्रवण कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस ने तीन संदिग्धों—सोहनलाल, बुटासिंह और दुलीचंद नायक को हिरासत में लिया। मनोवैज्ञानिक तरीके से की गई पूछताछ में तीनों ने परिवादी के घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

13.35 लाख रुपये की रिकवरी

गिरफ्तारशुदा आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अब तक चोरी की गई कुल राशि में से 13,35,000 रुपये बरामद कर लिए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में बनी विशेष टीम इस बड़ी चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए थानाधिकारी सुरेन्द्र कुमार प्रजापत के निकटतम सुपरविजन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करने और आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाने में खाजूवाला थाने की टीम की सराहनीय भूमिका रही। इस विशेष टीम में सीआई सुरेन्द्र प्रजापत एएसआई व आईओ श्रवण कुमार, एएसआई मांगीलाल हैड कांस्‍टेबल सही राम, कांस्‍टेबल ओमप्रकाश व अरुण कुमार शामिल रहे।

आगे का अनुसंधान जारी

थानाधिकारी सुरेन्द्र कुमार प्रजापत ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों (सोहनलाल, बुटासिंह और दुलीचंद नायक) से पुलिस की गहन पूछताछ जारी है। पुलिस शेष नकदी की बरामदगी के साथ-साथ यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस पूरी साजिश में उनका कोई अन्य साथी तो शामिल नहीं है।

 

Share this content:

You May Have Missed