सप्त शक्ति कमांड के आर्मी कमांडर ने किया बीकानेर सैन्य स्टेशन का दौरा
NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। सप्त शक्ति कमांड के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह ने कहा कि सेना के सभी रैंक के कर्मियों को लेटेस्ट ट्रेंड्स, टेक्नोलॉजी में हो रहे बदलावों और उभरते हुए साइबर खतरों की जानकारी रखनी चाहिए। लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह ने बीकानेर सहित बठिंडा एवं श्रीगंगानगर सैन्य स्टेशनों के अपने दौरे के दौरान जवानो से ये बात कही।

उन्होंने कहा कि सैनिकों को ऑनलाइन या ऑफलाइन किसी भी खतरे से निपटने के लिए सबसे पहले कार्रवाई करने में सक्षम होने चाहिए। आर्मी कमांडर ने सभी रैंक के जवानों की लगन, कड़ी मेहनत और जोश की तारीफ़ की। उन्होंने सभी से भविष्य में भी इसी जोश और लगन के साथ सेवा जारी रखने का आग्रह किया। आर्मी कमांडर ने स्टेशन में मौजूद फॉर्मेशन्स और ट्रेनिंग सुविधाओं का दौरा किया और सभी रैंक के कर्मियों की उच्च प्रतिबद्धता और व्यावसायिकता की सराहना की।
उन्होंने काम पर आधारित और असल हालात के मुताबिक ट्रेनिंग और वैलिडेशन की ज़रूरत पर ज़ोर दिया। साथ ही यूनिट्स को आधुनिक टेक्नोलॉजी से लैस करने पर भी ध्यान दिया। जन संपर्क अधिकारी (रक्षा) ले कर्नल निखिल धवन ने बताया कि अपने दौरे में लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह ने विभिन्न सैन्य फोर्मेशन्स की ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा की।
इस दौरान आर्मी कमांडर को चेतक कोर की ऑपरेशनल तैयारी, ट्रेनिंग गतिविधियों, ऑपरेशनल लॉजिस्टिक्स और प्रशासनिक पहलुओं के बारे में जानकारी दी गई।


