Loading Now

updates

बीकानेर पुलिस की सक्रियता ने जगाई भरोसे की नई उम्मीद

MAHENDRA SIINGH SHEKHAWAT बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर पुलिस इन दिनों जिस प्रकार लगातार कार्रवाई कर रही है, उसने आमजन के भीतर कानून व्यवस्था को लेकर एक नया विश्वास पैदा किया है। अपराधियों की धरपकड़, नशे के कारोबार पर शिकंजा, इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी और लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जनता को जानकारी देना यह दर्शाता है कि यदि नेतृत्व मजबूत हो तो व्यवस्था में बड़ा बदलाव संभव है।

पिछले कुछ समय से बीकानेर में पुलिस की सक्रियता स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। एक के बाद एक चलाए जा रहे अभियान यह साबित कर रहे हैं कि अपराधियों के खिलाफ इच्छाशक्ति के साथ काम किया जाए तो अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि पुलिस केवल कार्रवाई ही नहीं कर रही बल्कि जनता के बीच यह संदेश भी दे रही है कि अपराध करने वालों के लिए अब बच निकलना आसान नहीं रहेगा।

बदला है तो केवल नेतृत्व

यह भी सच है कि पुलिस महकमे में अधिकांश कर्मचारी वही हैं जो पहले भी थे। बदला है तो केवल नेतृत्व। नए पुलिस कप्तान और उनके एडिशनल एसपी ने जिस प्रकार टीम को सक्रिय किया है, उससे यह स्पष्ट होता है कि किसी भी विभाग की दिशा और परिणाम उसके नेतृत्व पर काफी हद तक निर्भर करते हैं। मजबूत नेतृत्व केवल आदेश नहीं देता बल्कि पूरी टीम में ऊर्जा और जवाबदेही भी पैदा करता है। आज बीकानेर पुलिस की कार्यशैली में वही बदलाव दिखाई दे रहा है।

कार्रवाई अब संभव है तो पहले क्यों नहीं हुई?

हालांकि यह सवाल भी स्वाभाविक है कि यदि इतने बड़े स्तर पर कार्रवाई अब संभव है तो पहले क्यों नहीं हुई? जब आज नशे की बड़ी खेप पकड़ी जा सकती है, अपराधियों के ठिकाने तलाशे जा सकते हैं और वांछित बदमाशों को सलाखों के पीछे भेजा जा सकता है तो बीते वर्षों में यह गति क्यों नहीं दिखाई दी? जनता के मन में यह प्रश्न उठना लाजिमी है। कानून व्यवस्था केवल कागजी बैठकों से मजबूत नहीं होती, बल्कि मैदान में उतरकर निरंतर कार्रवाई करने से बनती है।

और आमजन के मन में सुरक्षा का विश्वास

बीकानेर जैसे सीमावर्ती जिले में नशे और अपराध के खिलाफ सख्ती अत्यंत आवश्यक है। यदि अपराधियों के मन में पुलिस का भय और आमजन के मन में सुरक्षा का विश्वास पैदा हो रहा है तो यह निश्चित रूप से सकारात्मक संकेत है। लेकिन इस सक्रियता को केवल कुछ महीनों की उपलब्धि बनाकर नहीं छोड़ना चाहिए। पुलिस की यह मुहिम निरंतर जारी रहनी चाहिए ताकि अपराधी फिर से सिर न उठा सकें।

नेतृत्व की कार्यशैली प्रशंसा के योग्य

बीकानेर पुलिस के वर्तमान नेतृत्व की कार्यशैली प्रशंसा के योग्य है। जनता को भी चाहिए कि वह पुलिस का सहयोग करे और अपराध तथा नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को सामाजिक आंदोलन का रूप दे। यदि इसी प्रकार सख्ती और पारदर्शिता बनी रही तो वह दिन दूर नहीं जब अपराधियों के लिए बीकानेर में जगह नहीं बचेगी और कानून का राज वास्तव में मजबूत दिखाई देगा।

Share this content:

You May Have Missed