बेनीसर बारी ओपन वैल नवीनीकरण का प्रोजेक्ट मंजूर
बीकानेर, (samacharseva.in)। बीकानेर समाचार बुधवार 30 दिसंबर 2020, जलदाय मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला की पहल और प्रयासों से बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में शहरी जलप्रदाय योजना के तहत बेनीसर बारी के ओपन वैल के नवीनीकरण के लिए 75 लाख 97 हजार रुपये की राशि मंजूर की गई है।
डॉ. कल्ला के निर्देश पर तैयार की गई नवीनीकरण की इस योजना के संदर्भ में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। जलदाय मंत्री डॉ. कल्ला ने बताया कि ओपन वैल के नवीनीकरण के इस प्रोजेक्ट से बेनीसर बारी और आसपास के क्षेत्र के करीब 20 हजार लोगों को पर्याप्त प्रेशर के साथ अधिक मात्रा में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया इस प्रोजेक्ट के तहत बेनीसर बारी कुंए पर नया ट्यूबवैल, बाऊंड्री वॉल और 200 किलोलीटर क्षमता के स्वच्छ जलाशय का निर्माण होगा। साथ ही नई पम्पिंग मशीनरी की खरीद, विद्युत कनैक्शन, ओपन वैल परिसर में पम्पिंग स्टेशन के निर्माण, पाईप लाइन बिछाने आदि के कार्यों पर स्वीकृत राशि खर्च की जाएगी।
जलदाय मंत्री ने बताया कि प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी होने के बाद बीकानेर में विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता को इस सम्बंध में अग्रिम कार्यवाही शीघ्रता से पूर्ण करते हुए प्रोजेक्ट के कार्य को आरम्भ करने के निर्देश दिए गए है ताकि क्षेत्र के लोगों को जल्द से जल्द इसका फायदा मिल सके।
श्री लक्ष्मीनाथ पार्क में मिक्सर मास कि थाली का आयोजन
बीकानेर, (samacharseva.in)। मलमास मिक्सर शुक्ल पक्ष पूर्णिमा को लक्ष्मीनाथ पार्क में मिक्सर मास कि थाली का आयोजन किया गया।
पार्क स्थित रामदेवजी मंदिर में प्रसाद बनाकर भक्तों में वितरण किया गया। यह आयोजन स्व. पंडित जेठ महाराज तथा ज्योतिष आचार्य पं. रामदेव ओझा लाल टोपी की याद में यहां लगभग 103 वर्षों से किया जा रहा है।
इस बार कोरोना महामारी को देखते हुए यह आयोजन सूक्ष्म रूप में आयोजित किया गया।
डॉ.कृष्णा आचार्य के खंड काव्य पांचाली का लोकार्पण
बीकानेर, (samacharseva.in)। डॉ. कृष्णा आचार्य के नए खंड काव्य पांचाली’ का लोकर्पण बुधवार को नगर निगम परिसर में महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित ने किया। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि द्रौपदी सरीखे महान चरित्र को काव्यात्मक रूप देकर डॉ.कृष्णा आचार्य ने हिन्दी साहित्य को नए कलेवर से भरा है।

महापौर ने कहा कि नारी शक्ति के रूप से द्रौपदी सदैव से ही भारतीय संस्कृति व जनमानस में अपना विशिष्ठ स्थान रखती है। उन्होंने खंड काव्य को लिखने के लिए डॉ.आचार्य की सराहना की। उपमहापौर राजेन्द्र पंवार ने कहा कि डॉ.आचार्य अनवरत रूप से राजस्थानी वं हिन्दी में लिखने वाली लेखिका है, उनके काव्य साहित्य जगत में नई ऊर्जा का संचार करते हैं।
लेखिका डॉ.आचार्य ने बताया कि खंड काव्य की इस कृति में पांचाली के जीवन के पहलुओं को कविताओं के माध्यम से उजागर करने का प्रयास किया गया है। कार्यक्रम में कमलनारायण आचार्य, पार्षद प्रमोद व एडवोकेट कौशल शर्मा सहित साहित्य प्रेमी मौजूद रहे।
गौरतबल है कि डॉ.कृष्णा आचार्य की अब 12 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी है। इसमें राजस्थानी, हिन्दी साहित्य की शामिल है जिसमें अलग-अलग विषयों पर कहानी, लेख, कविता संग्रह है।
पूगल, दंतौर, गंगाजली व सम्मेवाला में कलक्टर की जनसुनवाई
बीकानेर, (samacharseva.in)। जिला कलक्टर नमित मेहता ने कहा कि स्थानीय स्तर के मुद्दों के लिए स्थानीय अधिकारी संवेदनशीलता रखते हुए प्रकरण निस्तारित करवाएं। जिला कलक्टर ने बुधवार को पूगल और खाजूवाला क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर आमजन के अभाव अभियोग सुने और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

कलक्टर ने पूगल, गंगाजली, दंतौर और सम्मेवाला में दौरा कर जनसुनवाई की। मेहता ने पूगल उपखंड मुख्यालय पर अधिकारियों के साथ बैठक ली और विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। कलक्टर ने पूगल में वार्ड संख्या 5, 6, 7 ,8, 9 में पीने के पानी की समस्या और पाइप लाइन लीकेज ठीक करवाने की मांग पर मेहता ने पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता को पाइपलाइन सुचारू करवाने के निर्देश दिए।
गंगाजली ग्राम पंचायत मुख्यालय के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों द्वारा स्कूल में रिक्त पदों अध्यापक नियुक्त करवाने, पेयजल डिग्गी को पाइप लाइन से जोड़ने, दीनदयाल योजना के तहत बकाया विद्युत कनेक्शन करवाने के लिए जिला कलेक्टर से परिवाद दिए गए। दंतौर ग्राम पंचायत में जन सुनवाई करते हुए जिला कलेक्टर ने कहा कि अधिकारी ग्रामीणों के होने लायक कामों में बिना किसी वजह के देरी ना करें।
शिक्षक संघ रेसटा का डीईईओ कार्यालय पर प्रदर्शन
बीकानेर, (samacharseva.in)। शिक्षक संघ एलीमेंट्री सैकेण्डरी टीचर एसोसिएशन (रेसटा) की ओर से बुधवार को जिला शिक्षा अधिकारी बीकानेर कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारी शिक्षकों ने 11 सूत्री मांगों को जल्द पूरा करने के लिए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राजकुमार शर्मा को सीएम अशोक गहलोत, शिक्षामंत्री गोविंदसिंह डोटासरा के नाम का ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश कोषाध्यक्ष श्यामसुंदर बिश्नोई, कार्यकारी जिलाध्यक्ष भावना मक्कड़, सीताराम डूडी, शिवरतन बिश्नोई, पवन शर्मा, मनोज कुमार, पवन राठी आदि मौजूद रहे। ज्ञापन मे कि वरिष्ठ अध्यापको के तबादले पर उनकी वरिष्ठता का विलोपन नहीं हो इसका ध्यान रखे जाने की मांग सहित विभिन्न मांगों को शामिल किया गया है।
संघ की कार्यकारी जिलाध्यक्ष भावना मक्कड़ ने बताया कि स्थाई स्थानांतरण नीति बनाते हुए प्रबोधकों व तृतीय श्रेणी शिक्षकों के भी स्थानान्तरण करने,मार्च माह का स्थगित वेतन का भुगतान जल्द करवाते हुए उपार्जित अवकाश के भुगतान करने पर लगी रोक भी हटाई जाएं।
ज्ञापन में एचएम भर्ती 2018 में भूतपूर्व सैनिकों एवं कार्यग्रहण नहीं करने वालों की रिक्त रहे पदों की वेटिंग लिस्ट कन्फर्म कर नियुक्ति देने सहित शिक्षा विभागीय समस्त पदोन्नतियां वर्ष 2020-21 की रोस्टर रजिस्टर संधारित होने के बाद ही सम्पन्न करने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी शर्मा ने मांगो के ज्ञापन से सरकार को अवगत करवा दिया जाएगा।
झंडे की रस्म से शुरू हुआ बालक शाह पीर बाबा का उर्स
बीकानेर, (samacharseva.in)। हजरत सैय्यद कमाल शाह- बालक शाह पीर बाबा (रह.) का उर्स मुबारक मदार चौक, मोहल्ला चूनगरान में बुधवार की शाम झंडे की रस्म से शुरू हुआ। चार दिवसीय उर्स मुबारक में कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए घरों में ही पीर बाबा की नजरो नियाजÞ करने की अपील की गयी है।



