Samachar Seva

Mission Patrkarita

जगदंबा स्‍टोर के गोदाम से से 4 हजार लीटर संदिग्ध घी जप्‍त

4 thousand liters of suspicious ghee seized from the warehouse of Jagdamba Store

NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा) जगदंबा स्‍टोर के गोदाम से से 4 हजार लीटर संदिग्ध घी जप्‍त, स्‍वास्‍थ्‍य विभाग ने फड़ बाजार में जगदंबा स्टोर नाम से संचालित दुकान के चौखुंटी पुलिया के पास कमला कॉलोनी की गली नंबर 14 में स्थित गोदाम से विश्वा ब्रांड का 4 हजार लीटर संदिग्ध घी जप्‍त किया गया है। इसके 3 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। नमूनों की जांच आने तक इस दुकान व गोदाम से घी का विक्रय नहीं किए जाने के लिये दुकानदार को पाबंद किया गया है।

पता चला है कि निरीक्षण दल को फड़ बाजार स्थित जगदंबा स्टोर पर बहुत सस्ते दाम पर देसी घी मिलने पर संदेह हुआ। इस पर दल ने व्यापारी को लेकर कमला कॉलोनी स्थित उसके गोदाम का निरीक्षण किया। यहां विश्वा ब्रांड का घी 1 लीटर, 5 लीटर, 15 लीटर, 800 मिली जैसे विभिन्न आकार के पैकिंग में मिला जिसे मौके पर ही सीज कर दिया गया। यह कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग के केंद्रीय दल तथा बीकानेर खाद्य सुरक्षा दल द्वारा की गई।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त इकबाल खान तथा संयुक्त निदेशक डॉ एसएन धौलपुरिया के निर्देश पर यह औचक कार्रवाई की गई। इसमें सीएमएचओ बीकानेर डॉ. राजेश कुमार गुप्ता का नेतृत्व रहा। जयपुर से आए केंद्रीय दल में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद शर्मा, अमित शर्मा व देवेंद्र राणावत और जिला खाद्य सुरक्षा दल के एफएसओ भानु प्रताप सिंह गहलोत व श्रवण कुमार वर्मा द्वारा रात तक कार्रवाई को अंजाम दिया गया। डॉ गुप्ता ने बताया कि नमूनों की जांच के परिणाम के आधार पर आगामी कार्यवाही की जाएगी।