राजस्थान 8वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम सोमवार शाम होगा जारी, शिक्षा संकुल जयपुर से होगी घोषणा
अजमेर। राजस्थान 8वीं बोर्ड रिजल्ट सोमवार शाम होगा घोषित, लाखों छात्रों की निगाहें टिकी, राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा कक्षा 8वीं की वार्षिक परीक्षा का परिणाम सोमवार, 26 मई 2025 की शाम को घोषित किया जाएगा। परिणाम की औपचारिक घोषणा जयपुर स्थित शिक्षा संकुल से की जाएगी, जहां राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शाम 5 बजे रिजल्ट जारी करेंगे।
इस वर्ष राज्य भर के सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले कुल 12 लाख 64 हजार विद्यार्थियों ने 8वीं बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। यह परीक्षाएं मार्च और अप्रैल 2025 में पूरे प्रदेश में आयोजित की गई थीं। शिक्षा विभाग के अनुसार, उत्तर पुस्तिकाओं की मूल्यांकन प्रक्रिया समयसीमा के भीतर पूरी कर ली गई है और अब परिणाम अपलोड करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। विद्यार्थी अपने-अपने विद्यालयों के माध्यम से रिजल्ट देख सकेंगे। साथ ही बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर भी परिणाम उपलब्ध रहेगा। सभी स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे पोर्टल से लॉग इन करके अपने विद्यार्थियों की मार्कशीट डाउनलोड करें और समय पर वितरित करें।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि विभाग परीक्षा प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु शिक्षा प्रणाली में लगातार सुधार के प्रयास कर रही है। गौरतलब है कि राजस्थान सरकार ने 8वीं बोर्ड परीक्षा को दोबारा से बोर्ड स्तर पर आयोजित करने का फैसला लिया था ताकि प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर की जा सके। अब छात्रों को उत्तीर्ण होने के लिए न्यूनतम अंक प्राप्त करना अनिवार्य है, जिससे वे उच्च कक्षाओं के लिए मजबूत आधार पा सकें।
परिणाम घोषित होने के बाद छात्रों की प्रोन्नति अंकों के आधार पर की जाएगी। यदि कोई छात्र अनुत्तीर्ण रहता है, तो उसे वैकल्पिक परीक्षा में बैठने का अवसर मिलेगा। फिलहाल लाखों छात्र और उनके अभिभावक सोमवार शाम 5 बजे परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे हैं।



















