वरिष्ठ नागरिकों के सशक्तिकरण के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन
NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि परिवार का मुखिया मजबूत होगा तो परिवार में झगड़ा नहीं होगा, कुरीतियां नहीं आएंगी। विधायक व्यायस बुधवार को रानी बाजार स्थित व्यापार संघ धर्मशाला में वरिष्ठ नागरिकों के आत्मनिर्भर व सशक्तिकरण और सामाजिक ताने बाने को मजबूती देने को लेकर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला के शुभारंभ समारोह को मुख्यर अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि हमारे वरिष्ठजन हर दृष्टि से मजबूत होने चाहिए। वे मजबूत होंगे तभी सामाजिक ताना बाना भी मजबूत बना रहेगा। परिवार के लोग भी दूसरे कार्य कर पाएंगे। व्यास ने कहा कि परिवार, शहर और देश भी मजबूत बना रहेगा। बुजुर्गों के पास बहुत अनुभव होता है लिहाजा प्रत्येक बुजुर्ग अपने अनुभवों की एक डायरी लिखकर अगली पीढ़ी को जरूर सौंपे। इससे उनके परिवार को भविष्य में बहुत सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि बीकानेर के विकास में वरिष्ठजनों के सहयोग भी आवश्यकता है। वे उन्हें लिखकर दे सकते हैं कि बीकानेर का और विकास कैसे हो।
जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने कहा कि इस कार्यशाला के जरिए प्रशासन को भी आपसे जुड़ने का अवसर मिला है। आपके प्रस्पेक्टिव को समझने का मौका मिलेगा। समाज कल्याण विभाग की इस कार्यशाला से आप सभी लाभान्वित होंगे। साथ ही कहा कि हमें विश्वास है कि आपसे जो भी सुझाव मिलेंगे उससे हम भविष्य में इससे भी बेहतर कार्यशाला का आयोजन कर पाएंगे। कार्यशाला में बुजुर्गों को विभिन्न सत्रों में मनोवैज्ञानिक सहायता, योग, आहार, साइबर फ्रॉड, बुजुर्गों के लिए कानून, पुलिस सहायता, डिजिटल साक्षरता के विभिन्न पहलुओं की जानकारी विशेषज्ञों द्वारा दी गई।
विशेष योग्यजनों को वितरित की इलेक्ट्रिक पावर व्हीलचेयर
कार्यक्रम में अतिथियों के द्वारा मुख्यमंत्री इलेक्ट्रिक पावर व्हीलचेयर योजना अंतर्गत सात इलैक्ट्रिक व्हील चेयर भी मांसपेशीय दुर्विकास से पीड़ित विशेष योग्यजनों को वितरित की गई। इससे पूर्व स्वागत उद्बोधन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एलडी पंवार ने दिया। डॉ हरफूल बिश्नोई ने मानसिक स्वास्थ्य के बारे में, डॉ संतोष ने शारीरिक स्वास्थ्य, आहार विशेषज्ञ डॉ सुभाष गौड़ ने खान-पान के बारे में, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक रामगोपाल ने अंतर पीढी संवाद, मनोरंजन एवं खेल गतिविधियां के बारे में, सिकाऊ के पुलिस उपाधीक्षक सुभाष गोदारा ने बुजुर्गों के अधिकार, उनको लेकर बने कानून, उत्पीड़न के मामले में पुलिस कार्रवाई व साइबर अपराध के बारे में जानकारी दी।
वित्तीय साइबर फ्रॉड के बारे में दी जानकारी
इसके अलावा एसबीआई एजीएम मनीष गुप्ता और एलडीएम लक्ष्मण राम मोडासिया ने डिजिटल साक्षरता व वित्तीय साइबर फ्रॉड के बारे में, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से एडवोकेट मनोज सुरोलिया ने नालसा गतिविधियों और निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में और समाज कल्याण अधिकारी नंद किशोर राजपुरोहित ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की सामाजिक सुरक्षा लाभों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में राजेन्द्र जोशी समेत जिले भर से सैंकड़ों वरिष्ठजनों ने हिस्सा लिया। मंच संचालन मनीषा आर्य सोनी ने किया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एडीएम सिटी रमेश देव और नगर निगम उपायुक्त यशपाल आहूजा थे।
Editor's team of Samachar Seva for you! to get fastest and latest updates for your local area


