ऑपरेशन सिंदूर के बीच सरहदी इलाकों में फिर अलर्ट ड्रिल
नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद पर करारा प्रहार किया है। इस गुप्त सैन्य अभियान के तहत भारतीय बलों ने पाकिस्तान में नौ आतंकी अड्डों को नेस्तनाबूद कर दिया, जबकि 11 प्रमुख एयरबेस को भी टारगेट किया गया है। यह कार्रवाई भारत-पाक संबंधों में भारी तनाव के बीच अंजाम दी गई है।
इस ऑपरेशन के मद्देनजर भारत सरकार ने पाकिस्तान सीमा से लगे राज्यों में सुरक्षा अभ्यास को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है। गुरुवार को राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और गुजरात के सीमावर्ती इलाकों में मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सायरन बजेंगे और आपात स्थितियों की तैयारियों का परीक्षण किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य जनता और सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय को मजबूत करना है। लोगों से कहा गया है कि वे मॉक ड्रिल के दौरान शांत रहें, सहयोग करें और किसी भी अफवाह से बचें।
पिछली बार की तरह इस बार भी ड्रिल में सेना, पुलिस, NDRF और प्रशासन की टीम शामिल होंगी। विशेषज्ञ मानते हैं कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद हालात संवेदनशील बने हुए हैं, ऐसे में यह मॉक ड्रिल एहतियातन उठाया गया अहम कदम है।




















