NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। हनुमानगढ़ स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी का पत्र मिलने के बाद प्रदेश के सभी रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशिकिरण ने बताया कि सभी व्यवस्थाएं चॉक चौबंद हैं।
उन्होंने बताया कि एक अक्टूबर को हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन अधीक्षक के पास एक लिफाफे में धमकी भरा पत्र मिला था। इस पत्र में हनुमानगढ़, जयपुर, अलवर तथा उदयपुर रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
कैप्टन शशिकिरण ने बताया कि संबंधित रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा जांच के बाद कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु अब तक नहीं मिला है। इस मामले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला भी दर्ज करा दिया गया है।


