बीकानेर समाचार रविवार 10 जुलाई 2022

महामंडलेश्वर सरजूदासजी महाराज का अभिनंदन किया

बीकानेर, (समाचार सेवा)सुजानदेसर स्थित रामझरोखा कैलाशधाम के महंत महामंडलेश्वर सरजूदासजी महाराज का रविवार को जन्मदिन सेवा व धार्मिक आयोजनों के साथ मनाया गया। भक्तों ने सरजूदासजी महाराज का अभिनंदन किया। आश्रम सदस्य उत्तम भाटी ने बताया कि 31वें वर्ष में प्रवेश के साथ ही श्रीसरजूदासजी महाराज ने सियारामजी गुरु महाराज व गुरुदेव श्रीरामदासजी महाराज को धोक लगाई। लक्ष्मीनाथ मंदिर व गणेशभगवान के दर्शन के साथ ही रुद्राभिषेक किया, गौमाता को हरा चारा खिलाया तथा रात्रि में सुंदरकांड के पाठ आयोजित कर जन्मदिन मनाया। भाटी ने बताया कि सरजूदासजी महाराज को नौ वर्ष की उम्र में संतों का सान्निध्य मिल गया। अधिकतर समय मथुरा में बिताने वाले महंत सरजूदासजी ने श्रीश्री 108 श्री श्यामदासजी महात्यागी से दीक्षा ली तथा वृन्दावन विद्यालय के गुरुकुल से शिक्षा ग्रहण की। उज्जैन महाकुंभ में महामंडलेश्वर पद पर विराजित सरजूदासजी ने 2016 में तथा 2017 में रामझरोखा कैलाश धाम के महंत पद की गद्दी संभाली।

बिश्‍नोई धर्मशाला के शिविर में 216 यूनिट हुआ रक्तदान

 

बीकानेर, (समाचार सेवा)बिश्नोई धर्मशाला में रविवार को आयोजित रक्तदान शिविर में 216 युनिट रक्‍तदान हुआ। यह रक्‍तदान शिविर रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन जयपुर एसएमएस जयपुर के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अशोक विश्नोई व डॉ.मनोज चौधरी की याद में बीकानेर के बिश्नोई धर्मशाला में आयोजित किया गया। आयोजन समिति से जुड़े रमेश भाम्भू ने बताया कि शिविर का आयोजन डॉ. रामचंद्र जांगू, डॉ. श्याम सुंदर सियाग, डॉ.दिनेश बिश्नोई, डॉ. सुनील तेतरवाल व सुभाष बिश्नोई की टीम द्वारा करवाया गया। रक्त संग्रह हेतु बीकानेर पीबीएम हॉस्पिटल की टीम ने सहयोग किया। शिविर में संभागीय आयुक्त नीरज के पवन, राजुवास कुलपति डॉ.एस.के.गर्ग,प्रोफेसर सुभाष गोस्वामी, मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.बी.एल.मीणा, उपखंड अधिकारी बीकानेर अशोक बिश्नोई, डॉ.बी.एल. खजोटीया आदि मौजूद रहे।

 ट्रेनों में अब हैंड हेल्ड टर्मिनल से होगी टिकटों की चेकिंग

बीकानेर, (समाचार सेवा)उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल के ट्रेनों में अब टीटीई कागज की चार्ट के स्थान पर हैंड हेल्ड टर्मिनल(एचएचटी) से टिकट चेकिंग करेंगे। इसकी शुरुआत गाड़ी संख्या 12458 बीकानेर-दिल्ली  में सोमवार से होगी। मंगलवार 12 जुलाई से गाड़ी संख्या 22471 बीकानेर -दिल्ली  में भी ये सुविधा आरंभ कर दी जाएगी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हैंड हेल्ड टर्मिनल का प्रयोग करने हेतु मंडल के स्टाफ की ट्रेनिंग शनिवार 9 जुलाई के प्रारंभ कर दी गई है।  एचएचटी से टिकट चेकिंग के सभी प्रकार के कार्य  जैसे, पेनल्टी, अतिरिक्त किराया, सीट कैंसिलेशन आदि किए जा सकते है। ये सभी कार्य ऑन लाइन होंगे। किसी स्टेशन पर यात्री के गाड़ी में नहीं चढ़ने पर अगर सीट कैंसल हुई तो वेटिंग लिस्ट वाले अगले यात्री की सीट स्वतः ही कन्फर्म हो जायेगी।

अशोक रंगा और वंदना पुरोहित की पुस्‍तकों का हुआ विमोचन

बीकानेर, (समाचार सेवा)अशोक रंगा के काव्य संग्रह ‘पृथ्वी की पुकार’ और वंदना पुरोहित के कहानी संग्रह ‘सोने का पिंजरा’ का विमोचन रविवार को अजित फाउण्डेशन सभागार में हुआ। मुक्ति संस्थान की ओर से आयोजित इस समारोह में कथाकार वंदना पुरोहित ने पुस्तक की पहली प्रति अपनी मां श्रीमती ललिता व्यास को भेंट की। राजाराम स्वर्णकार ने ‘पृथ्वी की पुकार’ और डॉ. कृष्णा आचार्य ने ‘सोने का पिंजरा’ पुस्तक पर पत्रवाचन किया। मुख्य अतिथि एचसीएम रीपा के अतिरिक्त निदेशक अरुण प्रकाश शर्मा ने कहा दोनों लेखकों ने अपनी रचनाओं में सामाजिक विदू्रपताओं के विरूद्ध आवाज उठाई गई है। अध्यक्षता करते हुए कवि-कथाकार राजेन्द्र जोशी ने कहा कि कहानियां में कुरीतियों पर चोट है, तो महिलाओ को आगे बढ़ाने की जिजिविषा है। वहीं प्रत्येक कविता संदेशपरक है। विशिष्ट अतिथि डॉ. रेणुका व्यास ‘नीलम’ ने कहा कि कहानियां महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। महेन्द्र रंगा ने स्वागत उद्बोधन दिया। आभार मनीष जोशी ने जताया। कार्यक्रम का संचालन हरि शंकर आचार्य ने किया। कार्यक्रम में डॉ. अजय जोशी, दिनेश चंद्र सक्सेना, जुगल किशोर पुरोहित, हरीश बी. शर्मा, आंनद व्यास, राजीव पुरोहित, गिरिराज व्यास, शशिकला रंगा, रंजना रंगा, फाल्गुनी पुरोहित, विष्णु जोशी, मनोज पारीक, रमाकांत व्यास, राजेश रतन व्यास, जगदीश किराडू, राजेन्द्र पुरी, राकेश बिस्सा, मनीष आचार्य, महिमा व्यास आदि मौजूद रहे।

सुजानदेसर गोचर क्षेत्र में विकसित होगा सिटी फोरेस्ट

बीकानेर, (समाचार सेवा)सुजानदेसर गोचर की 6200 बीघा भूमि को चरणबद्ध तरीके से सिटी फोरेस्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। पहले चरण में रविवार को चार बीघा क्षेत्र में सघन पौधारोपण कार्यक्रम की शुरूआत कलक्टर और नगर विकास न्यास अध्यक्ष भगवती प्रसाद कलाल ने की। उन्होंने ‘एडॉप्ट ए ट्री-मेक ऑवर सिटी ग्रीन’ अभियान की शुरूआत भी की। कलक्टर ने बताया कि सुजानदेसर की गोचर भूमि शहर के नजदीक है। यह क्षेत्र हरा-भरा हो, संरक्षित रहे और सघन वन क्षेत्र विकास में आमजन की भावनात्मक भागीदारी हो, इसके लिए ‘एडॉप्ट ए ट्री’ कार्यक्रम प्रारम्भ किया गया है। इसके तहत पौधारोपण के इच्छुक शहरवासी को पौधा तथा इस पर लगने वाली एडोप्टर की पट्टिका नगर विकास न्यास द्वारा उपलब्ध करवाई जाएगी। पौधा लगाने के बाद भविष्य में इसके संरक्षण की संबंधित एडोप्टर की होगी। कलक्टर ने बताया कि सुजानदेसर स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से प्रतिदिन लाखों लीटर पानी का शोधन होता है तथा शोधन पश्चात इसे गोचर भूमि में ऐसे ही छोड़ दिया जाता है, जिससे इसका कोई उपयोग नहीं हो पाता। पौधारोपण से इस पानी का सदुपयोग हो सकेगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए सिटी फोरेस्ट में विभिन्न स्थानों पर पानी की डिग्गियां बनाई जाएंगी तथा पम्प के माध्यम से पौधों तक पानी पहुंचाया जाएगा। पहले चरण में चार बीघा क्षेत्र को तारबंदी से सुरक्षित किया जाएगा। पौधे लगाने के इच्छुक शहरवासी नगर विकास न्यास को ऑनलाइन अप्लाई कर सकेंगे। शीघ्र ही इसकी व्यवस्था की जाएगी। यहां स्थानीय महत्व के पौधों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।