Samachar Seva

Mission Patrkarita

बीकानेर के सोलर प्लांट से लाखों का सामान चोरी

Goods worth lakhs stolen from Bikaner solar plant

उषा जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर के सोलर प्लांटों से लाखों का सामान चोरी,   जिले के पूगल थाना क्षेत्र में स्थित विभिन्न सोलर प्लांटों से लाखों रुपए का सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। अवाडा, पीटीसीएल, एसजेवीएनएल और एनएचपीसी के करणीसर भाटियान, बांदरवाला तथा भानीपुरा स्थित सोलर प्लांटों से चोरों ने अलग-अलग दिनों में विभिन्न उपकरण और सामग्री चोरी कर ली।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इस संबंध में सिक्योरिटी ऑफिसर भूपेंद्र सिंह पुत्र रणजीत सिंह राजपूत (25) निवासी टेकरा, तहसील बाप, जिला फलोदी ने पूगल थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि 18 नवंबर को दोपहर 12 बजे सहित विभिन्न तिथियों में अज्ञात चोरों ने सोलर प्लांट परिसरों से स्ट्रिंग केबल, रबर मैट, फायर सैंड बकेट, फायर एक्सटिंग्विशर, क्विक रिलीज कपलिंग, ब्रास बॉल वाल्व, सैडल, निप्पल रिड्यूसर, एचडीपीई पाइप सहित अन्य सामग्री चोरी कर ली।

पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 136 के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण संख्या 150/2026 में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

सोलर प्लांटों में सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद लगातार हुई चोरी की इन घटनाओं से परियोजना प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।