उषा जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। लक्ष्मी पूजन की थाली में रखी नकदी और चांदी के सिक्के गायब, शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र में एक मकान के अंदर बने मंदिर में रखी लक्ष्मी पूजन की थाली से 50 हजार रुपए नकद और चांदी के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। परिवादी ने एक व्यक्ति पर चोरी करने का संदेह जताते हुए नयाशहर थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नत्थूसर बास स्थित मधुर पब्लिक स्कूल के पास निवासी 22 वर्षीय भरत सोनी पुत्र स्व. श्रीधर सोनी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि 9 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे से रात 9 बजे के बीच उसके घर में चोरी की वारदात हुई। परिवादी के अनुसार, घर में बने मंदिर में लक्ष्मी पूजन की थाली रखी हुई थी। इस थाली में 50 हजार रुपए नकद, चांदी के सिक्के, अंगूठियां तथा चांदी की एक चेन रखी हुई थी।
50 हजार रुपए नकद और चांदी के आभूषण चोरी
घटना के बाद उक्त सामान गायब मिला। परिवादी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि घटना वाले दिन जसराज उर्फ जसिया माली आसपास संदिग्ध रूप से घूम रहा था। उसे आशंका है कि जसराज उर्फ जसिया माली घर की दीवार फांदकर अंदर घुसा और मंदिर में रखी पूजन सामग्री के साथ नकदी एवं आभूषण चोरी कर ले गया।
परिवादी की रिपोर्ट पर नयाशहर थाना पुलिस ने जसराज उर्फ जसिया माली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 331 (3) एवं 305 (ए) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण संख्या 248/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र कुमार सारण को सौंपी गई है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
















