Samachar Seva

Mission Patrkarita

नागणेची मंदिर के पास 51.9 करोड़ की लागत से बनेगा रेलवे ओवरब्रिज व अंडरब्रिज

A railway overbridge and underbridge will be constructed near Nagnechi Temple at a cost of ₹51.9 crore.

नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। नागणेची मंदिर के पास 51.9 करोड़ की लागत से बनेगा रेलवे ओवरब्रिज व अंडरब्रिज, नागणेची मंदिर के पास रेलवे फाटक पर 51.9 करोड़ रुपये की लागत से 700 मीटर लंबे रेलवे ओवरब्रिज एवं अंडरब्रिज के निर्माण के लिए लेटर ऑफ अप्रूवल जारी हो चुका है। शीघ्र ही वर्क ऑर्डर जारी कर कार्य प्रारंभ करवाया जाएगा।

यह जानकारी एसई पीडब्ल्यूडी पंकज यादव ने मंगलवार को पीडब्ल्यूडी, आरयूआईडीपी एवं राजस्थान सड़क विकास निगम के विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति समीक्षा बैठक में दी। यह बैठक जिला कलेक्टर निशांत जैन की अध्यक्षता में हुई। एसई यादव ने बताया कि शहर में लक्ष्मीनाथ मंदिर के पास 2.5 करोड़ रुपये की लागत से जर्जर पुलिया के पुनर्निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

बायोलॉजिकल पार्क का निर्माण कार्य पूर्ण

आरएसआरडीसी की पीडी शिल्पा कच्छावा ने बताया कि 26 करोड़ रुपये की लागत से बीछवाल में बायोलॉजिकल पार्क का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं 9-9 करोड़ रुपये की लागत से कोलायत एवं पूगल में आईटीआई कॉलेजों का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि करणी सिंह स्टेडियम में 13.84 करोड़ रुपये की लागत से सलीम दुर्रानी रेजिडेंशियल हॉस्टल का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।

नवंबर तक पूर्ण होंगे एसडीएम अस्पताल के काम

वहीं 4.89 करोड़ रुपये की लागत से एसडीएम अस्पताल में उन्नयन कार्य नवंबर तक पूर्ण कर दिया जाएगा। बैठक में आईएएस मनु गर्ग, एसई एनएच जी.पी.एस. चौहान, पीडी आरएसआरडीसी शिल्पा कच्छावा, एसई पीडब्ल्यूडी पंकज यादव, अधिशाषी अभियंता संजू शेखावत, सहायक अभियंता पीयूष, रविंद्र ढूंढवाल, राहुल गिरी, आरएसएचए के कनिष्ठ अभियंता रविंद्र लोहिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।