नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। वीएमओयू से घर बैठे उच्च शिक्षा का अवसर, 4 अक्टूबर तक प्रवेश, वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (वीएमओयू) के क्षेत्रीय केंद्र बीकानेर एवं अध्ययन केंद्र राजकीय डूंगर महाविद्यालय में मंगलवार को विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से घर बैठे उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अवसरों की जानकारी दी गई।
अध्ययन केंद्र समन्वयक प्रो. डॉ. आर.के. पुरोहित ने बताया कि दूरस्थ शिक्षा विशेष रूप से बालिकाओं, नौकरीपेशा युवाओं तथा ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी है। कार्यक्रम में ऑनलाइन प्रवेश, डिजिटल लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (LMS) और ई-लेक्चर्स की जानकारी दी गई।
क्षेत्रीय केंद्र निदेशक सुरेश कुमार शर्मा ने बताया कि विद्यार्थी नियमित डिग्री के साथ वीएमओयू से दूसरी डिग्री या डिप्लोमा कर मल्टी-स्किलिंग का लाभ ले सकते हैं। पात्र विद्यार्थियों के लिए नौकरी के साथ पढ़ाई जारी रखने की सुविधा भी है। राज्य की महिला विद्यार्थियों को निर्धारित नियमों के तहत निःशुल्क उच्च शिक्षा का लाभ तथा एससी-एसटी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिल सकता है।
वीएमओयू में स्नातक, स्नातकोत्तर एवं विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों सहित योग, पुस्तकालय, पर्यटन, कर्मकांड, कंप्यूटर, पत्रकारिता और ज्योतिष आदि पाठ्यक्रमों में 4 अक्टूबर तक ऑनलाइन प्रवेश लिया जा सकता है।
















